Audi ने भारत में 2026 Q3 लॉन्च कर दी है. इस तीसरी पीढ़ी की एंट्री-लेवल लग्जरी SUV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹51.99 लाख रखी गई है. इसे Nova और Zenith नाम के दो ट्रिम में पेश किया गया है. Zenith ट्रिम की कीमत ₹55.99 लाख एक्स-शोरूम है. कंपनी के मुताबिक, मॉडल की डिलीवरी शुरू हो चुकी है और इसका असेंबलिंग महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर प्लांट में किया जा रहा है.
नया डिजाइन और आयाम
2026 Q3 में स्प्लिट-स्टाइल हेडलाइट्स दी गई हैं. ऊपर LED DRLs और बंपर पर डिजिटल Matrix LED हेडलाइट्स मिलती हैं. हेडलाइट्स में लाइटिंग सिग्नेचर के साथ ADAS से जुड़ी जानकारी सड़क पर प्रोजेक्ट करने की क्षमता भी बताई गई है. SUV में हनीकॉम्ब पैटर्न वाली बड़ी ग्रिल, 18-इंच अलॉय व्हील, स्लिम रूफ रेल्स और थोड़े फ्लेयर्ड व्हील आर्च हैं. पीछे स्प्लिट LED टेललाइट्स, लाइट बार और इल्यूमिनेटेड Audi लोगो दिया गया है.
Q3 की लंबाई 4,531mm, चौड़ाई 1,859mm, ऊंचाई 1,601mm और व्हीलबेस 2,681mm है. इसका बूट स्पेस 488 लीटर है.
केबिन और फीचर्स
केबिन में 12.8-इंच इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और 11.9-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले का कर्व्ड सेटअप मिलता है. अन्य फीचर्स में 3-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, 12-स्पीकर Sonos ऑडियो सिस्टम, कलर्ड हेड-अप डिस्प्ले और पावर्ड टेलगेट शामिल हैं. सुरक्षा के लिए 9 एयरबैग, रियर पार्किंग कैमरा, हिल-होल्ड और हिल-क्लाइंब असिस्ट तथा ADAS दिया गया है.
इंजन और AWD सेटअप
SUV में 2.0-लीटर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन है, जो 204hp की पावर और 320Nm का टॉर्क देता है. इंजन 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है और पावर चारों पहियों तक भेजता है. कंपनी के अनुसार, Q3 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 7.1 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी अधिकतम गति 229 किलोमीटर प्रति घंटा है.
