Kawasaki ने 2027 Ninja H2 को पेश कर दिया है. कंपनी की इस सुपरचार्ज्ड फ्लैगशिप मोटरसाइकिल में 998cc का इनलाइन-फोर इंजन दिया गया है, जो अब 209hp की पावर और 135Nm का टॉर्क पैदा करता है. पिछले मॉडल की तुलना में पावर थोड़ी कम हुई है, लेकिन नया इंजन Euro5+ उत्सर्जन मानकों के अनुरूप बनाया गया है. इससे Ninja H2 की यूरोपीय बाजारों में वापसी संभव हुई है.

इंजन और एग्जॉस्ट में बड़े बदलाव

बाहर से मोटरसाइकिल का डिजाइन काफी हद तक पहले जैसा दिखता है, लेकिन इंजन में कई अहम बदलाव किए गए हैं. Kawasaki ने सुपरचार्जर का इम्पेलर और इनटेक सिस्टम दोबारा डिजाइन किया है. इसके अलावा पिस्टन, सिलेंडर हेड और क्रैंकशाफ्ट में भी बदलाव किए गए हैं. कंपनी का कहना है कि इन अपडेट से लो- और मिड-रेंज में टॉर्क डिलीवरी बेहतर हुई है.

नई Ninja H2 में ट्विन-एग्जॉस्ट की जगह सिंगल-एग्जॉस्ट सिस्टम दिया गया है. यह सेटअप H2 SX और Z H2 में इस्तेमाल किए गए एग्जॉस्ट से मिलता-जुलता है. बाइक का कर्ब वेट 238 किलोग्राम है, जो पिछले मॉडल के बराबर है.

नए ब्रेक और अपडेटेड राइडर एड्स

बाइक में अब Brembo Hypure के चार-पिस्टन फ्रंट कैलिपर्स मिलते हैं. ये आउटगोइंग मॉडल में दिए गए Brembo Stylema कैलिपर्स की जगह लेते हैं. इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी अपडेट किया गया है, जिसमें TFT स्क्रीन के साथ एनालॉग टैकोमीटर दिया गया है.

राइडर एड्स में पावर और ट्रैक्शन कंट्रोल के कई स्तरों के साथ क्रूज कंट्रोल शामिल हैं. 2027 Ninja H2 को फिलहाल ब्रिटेन में लॉन्च किया गया है, जहां इसकी कीमत £28,600 यानी करीब 36.90 लाख रुपये है. H2 Carbon वेरिएंट की कीमत £31,350 यानी करीब 40.44 लाख रुपये है. इसमें कार्बन-फाइबर-रिइनफोर्स्ड अपर काउलिंग मिलती है. भारत में Ninja H2 की वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.