Bajaj Pulsar RS200 को नए अपडेट के साथ टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. सामने आई तस्वीरों के आधार पर बाइक में दो प्रमुख बदलाव नजर आते हैं—नया USD (Upside Down) फ्रंट फोर्क और कंपनी का 5-इंच TFT डिस्प्ले. यह डिस्प्ले हाल में Pulsar N160 SS सहित कुछ अन्य मॉडल्स में दिखाई दिया है.

टेस्ट बाइक का बॉडी डिजाइन मौजूदा RS200 से काफी मिलता-जुलता नजर आता है. फेयरिंग और अन्य प्रमुख डिजाइन एलिमेंट्स में बड़े बदलाव की संभावना कम है, हालांकि लॉन्च के समय नए डिकल्स या मामूली कॉस्मेटिक अपडेट मिल सकते हैं. बाइक में दोनों तरफ नए स्विच क्यूब्स भी देखे गए हैं.

इंजन और फीचर्स में क्या बदल सकता है

मौजूदा 199.5cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन के बरकरार रहने की उम्मीद है. यह इंजन 24.5hp की पावर और 18.7Nm का टॉर्क देता है. डुअल-चैनल ABS और स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच भी जारी रह सकते हैं.

नए TFT डिस्प्ले के साथ Google Maps मिररिंग जैसे फीचर मिलने की संभावना है, हालांकि यह सुविधा केवल किसी ऊंचे वेरिएंट तक सीमित हो सकती है. बाइक में एडजस्टेबल ब्रेक और क्लच लीवर भी देखे गए हैं.

RS200 में अभी RSU टेलिस्कोपिक फोर्क मिलता है, जबकि NS200 में 2023 से USD फोर्क दिया जा रहा है. नए मॉडल में यही बड़ा मैकेनिकल बदलाव हो सकता है. हालांकि राइड-बाय-वायर, राइडिंग मोड, ट्रैक्शन कंट्रोल और क्विकशिफ्टर जैसे फीचर्स RS200 में मिलेंगे या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.

मौजूदा Pulsar RS200 की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.81 लाख रुपये है. अपडेटेड मॉडल की कीमत लॉन्च के समय बदल सकती है.