बजाज ऑटो ने अपने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर विगो P9018 के दो रिकॉर्ड की घोषणा की है. कंपनी के मुताबिक, इस इलेक्ट्रिक ऑटो ने एक बार चार्ज होकर 394.2 किलोमीटर की दूरी तय की. यह सफर तमिलनाडु के नमक्कल से तिरुनेलवेली के बीच पूरा किया गया.

कंपनी का दावा है कि यह किसी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर द्वारा एक बार चार्ज में तय की गई सबसे लंबी दूरी है. विगो की आधिकारिक क्लेम्ड रेंज 296 किलोमीटर है, जबकि रिकॉर्ड यात्रा इस दावे से 98.2 किलोमीटर यानी करीब 33 प्रतिशत अधिक रही. हालांकि, बजाज ने इस परीक्षण के दौरान वाहन पर मौजूद वजन, औसत गति, चार्जिंग प्रक्रिया और अन्य परिस्थितियों की जानकारी साझा नहीं की है.

कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4,023 किमी का सफर

बजाज के अनुसार, विगो P9018 ने श्रीनगर के लाल चौक से 27 अक्टूबर 2026 को यात्रा शुरू की और 5 नवंबर 2026 को तमिलनाडु के कन्याकुमारी पहुंचा. नौ दिनों में इलेक्ट्रिक ऑटो ने कुल 4,023 किलोमीटर की दूरी तय की. कंपनी ने इसे कश्मीर से कन्याकुमारी तक सफर पूरा करने वाला पहला इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बताया है. इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से मान्यता मिलने की बात भी कंपनी ने कही है.

बजाज विगो को फरवरी 2026 में लॉन्च किया गया था. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 4,41,247 रुपये है. इसमें 17.7 kWh की बैटरी, दो-स्पीड ट्रांसमिशन और पांच साल की वारंटी मिलती है. कंपनी लंबी रेंज के लिए बैटरी क्षमता, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, रिजनरेटिव ब्रेकिंग और वाहन के ऑप्टिमाइज्ड डिजाइन को प्रमुख कारण बताती है.