छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में इलेक्ट्रिक वाहन डीलरशिप और 100 प्रतिशत कैशबैक का लालच देकर कथित तौर पर 31.80 लाख रुपये लेने के मामले में पुलिस ने कंपनी के फरार सीईओ को गिरफ्तार किया है. सनौद थाना पुलिस ने सीबीके ईवी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर के सीईओ नंदकिशोर साहू को ग्रेटर नोएडा से पकड़ा. न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

पुलिस के मुताबिक, गुरूर क्षेत्र के भानपुरी निवासी कारोबारी मनीष कुमार साहू ने 5 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया कि कंपनी के पदाधिकारियों ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप लेने पर पूरी रकम कैशबैक के रूप में लौटाने का प्रस्ताव दिया था. इसके बाद कारोबारी ने मई 2024 से अलग-अलग किस्तों में कंपनी के खातों में 31.80 लाख रुपये जमा किए. कंपनी ने उन्हें डीलरशिप प्रमाणपत्र दिया और सनौद में दुकान भी खुलवाई.

शुरुआत में कंपनी ने 11 इलेक्ट्रिक वाहन भेजे, लेकिन उनकी गुणवत्ता को लेकर उन्हें वापस मंगा लिया गया. बाद में नए वाहन देने के नाम पर कथित रूप से टालमटोल की गई. रकम लौटाने की मांग पर कंपनी ने 1.45 लाख रुपये वापस किए और बाकी राशि के लिए तीन चेक दिए. पुलिस के अनुसार, बैंक में जमा करने पर स्टॉप पेमेंट के कारण चेक बाउंस हो गए.

पहले दो पदाधिकारी हो चुके हैं गिरफ्तार

सनौद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, कंपनी के एमडी लोकेश द्विवेदी और सीएमडी पुरुषोत्तम साहू को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन में साइबर सेल और सनौद पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्रेटर नोएडा में कार्रवाई की. आरोपी की निशानदेही पर तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी, एसी, टीवी, सीसीटीवी कैमरे और कार्यालय का फर्नीचर बरामद किया गया है.