बैंक ऑफ बड़ौदा ने EV चार्जिंग स्टेशन, बैटरी-स्वैपिंग सुविधाओं और संबंधित ढांचे की स्थापना या विस्तार के लिए ‘bob Green PLUG’ नाम से वित्तपोषण योजना शुरू की है. बैंक के अनुसार, यह योजना एमएसएमई क्षेत्र के पात्र उद्यमों के लिए बनाई गई है.

योजना के तहत ₹10 लाख से अधिक और अधिकतम ₹5 करोड़ तक टर्म लोन या डिमांड लोन लिया जा सकता है. भुगतान की अधिकतम अवधि 120 महीने रखी गई है, जिसमें 12 महीने तक की मोरेटोरियम अवधि भी शामिल हो सकती है.

किन परियोजनाओं को मिलेगा लाभ

इस सुविधा में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन, निजी या कैप्टिव चार्जिंग व्यवस्था, व्यावसायिक EV चार्जिंग परियोजनाएं और बैटरी चार्जिंग व स्वैपिंग ढांचा शामिल है. स्टार्टअप, चार्जिंग-पॉइंट ऑपरेटर, पेट्रोल पंप, फ्लीट ऑपरेटर, होटल, मॉल, कार्यालय परिसर, लॉजिस्टिक्स पार्क, आवासीय सोसायटी और औद्योगिक पार्क जैसे पात्र एमएसएमई इसके दायरे में आ सकते हैं.

बैंक ने रूफटॉप सोलर जैसी नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी चार्जिंग सुविधाओं को भी योजना में शामिल किया है. कैफेटेरिया और यूटिलिटी जैसे सहायक खर्चों के लिए वित्तपोषण कुल स्वीकृत ऋण के 25% या ₹1 करोड़, दोनों में जो कम हो, तक सीमित रहेगा.

ब्याज दर उधारकर्ता की क्रेडिट रेटिंग, ऋण राशि और बैंक की BRLLR से जुड़ी शर्तों के आधार पर तय होगी. पात्र परियोजनाओं को लागू नियमों के अधीन CGTMSE गारंटी कवर भी मिल सकता है.