बस्तर कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड के अंतिम पहुंचविहीन गांव एलेंगनार पहुंचे. अधिकारियों ने ऊबड़-खाबड़ और पथरीले रास्ते पर मोटरसाइकिल से यात्रा कर गांव का दौरा किया. एलेंगनार 1910 के भूमकाल विद्रोह के जननायक अमर शहीद डेबरीधुर की जन्मस्थली भी है.

दौरे के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं को दिए जाने वाले पोषण आहार की स्थिति देखी. भंडारण कक्ष और रसोईघर के निरीक्षण के दौरान खराब वजन मशीन को तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए. ग्रामीणों की मांग और जरूरतों के आधार पर गांव में नए आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस यानी राशन दुकान भवन के निर्माण को मंजूरी दी गई. निर्माणाधीन प्राथमिक शाला की गुणवत्ता और गांव तक बन रही सड़क के काम की भी समीक्षा की गई. ठेकेदार ने सड़क निर्माण छह महीने में पूरा करने का भरोसा दिया.

चौपाल में योजनाओं की समीक्षा

कलेक्टर और सीईओ ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर चौपाल में उनकी समस्याएं सुनीं. पीएम आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड से जुड़े लाभ की स्थिति की जानकारी ली गई. कलेक्टर ने प्रमुख चौक के सौंदर्यीकरण और शहीद डेबरीधुर की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की. देवगुड़ी, खेल मैदान और सामुदायिक भवन के लिए पंचायत को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए.

इसके बाद झीरम पंचायत में अधिकारियों ने बच्चों के लिए तैयार आंगनबाड़ी भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता और पौष्टिकता देखी. स्कूल परिसर में पेवर ब्लॉक, टाइल्स और पेंटिंग कराने के निर्देश दिए गए. टाहकवाड़ा में खुली बैठक के दौरान पीएम आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं और आगामी धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा हुई. जर्जर सरकारी भवनों को नियमानुसार घोषित कराने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया.