लग्जरी कार निर्माता Bentley ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV Torcal का सीमित-संस्करण पेश किया है. Torcal FRGMT Commission नाम वाले इस एडिशन की दुनियाभर में सिर्फ 20 यूनिट उपलब्ध होंगी. इसे जापानी स्ट्रीटवियर डिजाइनर Hiroshi Fujiwara के साथ मिलकर तैयार किया गया है.

यह खास एडिशन Torcal के पहले बैच की डिलीवरी शुरू होने से पहले पेश किया गया है. SUV को Beluga Black रंग में तैयार किया गया है. इसमें ब्लैक बैजिंग, ब्लैक ग्रिल और कार्बन फाइबर इंसर्ट्स वाले 22 इंच के फोर्ज्ड एलॉय व्हील दिए गए हैं.

डार्क थीम वाला एक्सक्लूसिव केबिन

Torcal FRGMT Commission के इंटीरियर में Imperial Blue और Beluga Black रंगों का इस्तेमाल किया गया है. केबिन में क्रॉस-स्टिचिंग और पियानो ब्लैक फिनिशिंग दी गई है. कंपनी ने इस एडिशन के लिए एक्सक्लूसिव कैबिन डिटेल्स भी शामिल की हैं.

परफॉर्मेंस की बात करें तो टॉप वेरिएंट में 876 hp की पावर और 1,350 Nm का टॉर्क मिलता है. SUV का वजन 2,700 किलोग्राम है और यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 2.8 सेकंड में पकड़ सकती है.

20 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत चार्ज

Torcal के सभी मॉडल में 113kWh बैटरी पैक और 800 वोल्ट इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर दिया गया है. यह SUV 400kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. कंपनी के अनुसार, बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 20 मिनट लगते हैं.

स्टैंडर्ड Torcal में 810 hp की पावर और 1,194 Nm का टॉर्क मिलता है. कंपनी ने सीमित-संस्करण की कीमत और इसकी बिक्री किन देशों में होगी, इसकी जानकारी अभी साझा नहीं की है. अमेरिका में स्टैंडर्ड Torcal को 2028 मॉडल के तौर पर लॉन्च किया जाएगा. कंपनी के अनुसार, इसके पहले साल के मॉडल पहले ही बिक चुके हैं.