BMW ने भारत में i5 Long Wheelbase (LWB) इलेक्ट्रिक सेडान को 79.6 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है. यह BMW की भारत में पहली locally produced electric sedan है और चेन्नई स्थित BMW Group प्लांट में असेंबल की जाती है. कंपनी ने इसकी बुकिंग अगस्त में शुरू की थी.
भारत में i5 LWB को एक ही eDrive35L M Sport वेरिएंट में पेश किया गया है. इसके अलावा सीमित संख्या में First Edition भी उपलब्ध थी, जिसकी सभी 99 यूनिट बिक चुकी हैं. First Edition की कीमत भी 79.6 लाख रुपये रखी गई थी.
बैटरी, रेंज और परफॉर्मेंस
BMW i5 eDrive35L में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 268hp की पावर और 410Nm का टॉर्क जनरेट करती है. यह रियर-व्हील ड्राइव सेडान 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 6.7 सेकंड में पकड़ने का दावा करती है. इसकी अधिकतम स्पीड 195 किलोमीटर प्रति घंटा है.
सेडान में 81.6kWh बैटरी पैक मिलता है. BMW के मुताबिक, इसका दावा किया गया MIDC रेंज आंकड़ा 669 किलोमीटर है. i5 LWB में 160kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है और कंपनी के अनुसार बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 33 मिनट लगते हैं. इसमें 11kW तक AC चार्जिंग की सुविधा भी है. कार के साथ BMW Wallbox चार्जर और इसका इंस्टॉलेशन शामिल है.
डिजाइन और फीचर्स
BMW i5 LWB की लंबाई 5,175mm, चौड़ाई 2,156mm और ऊंचाई 1,520mm है. इसका व्हीलबेस 3,105mm है. एक्सटीरियर में इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल, अडेप्टिव LED हेडलाइट्स और 20-इंच M अलॉय व्हील दिए गए हैं. इसमें रैपअराउंड LED टेल-लाइट्स, वेलकम लाइट कार्पेट और C-पिलर पर सफेद रंग का ‘5’ बैज भी मिलता है.
कार में M Sport पैकेज स्टैंडर्ड है. इसके तहत M-स्पेसिफिक फ्रंट और रियर बंपर, ब्लैक हाई-ग्लॉस इंसर्ट, M स्टीयरिंग व्हील और टू-टोन लेदर अपहोल्स्ट्री दी गई है. BMW i5 LWB में अडेप्टिव रियर-एक्सल एयर सस्पेंशन भी स्टैंडर्ड है. कंपनी का कहना है कि भारतीय सड़कों के लिए इसका ग्राउंड क्लीयरेंस बढ़ाया गया है.
20-इंच पहियों पर आगे की तरफ 245/45 R20 और पीछे 275/40 R20 टायर दिए गए हैं. ग्राहक इस इलेक्ट्रिक सेडान को Mineral White, Phytonic Blue, Carbon Black और Oxide Grey रंगों में खरीद सकते हैं.
