BMW ने iX3 M60 xDrive को इलेक्ट्रिक SUV के रेंज-टॉपिंग परफॉर्मेंस वर्जन के तौर पर पेश किया है. कंपनी के मुताबिक, यह Neue Klasse प्लेटफॉर्म पर आधारित सबसे शक्तिशाली SUV है. मॉडल में 612hp की अधिकतम पावर और 875Nm टॉर्क मिलता है, जबकि इसकी दावा की गई WLTP रेंज 754 किलोमीटर तक है.

पावरट्रेन और चार्जिंग

BMW iX3 M60 xDrive में दोनों एक्सल पर एक-एक इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है. कंपनी के अनुसार, रियर मोटर नई Gen6 यूनिट है, जो ज्यादा पावर और टॉर्क देने में मदद करती है. SUV 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 3.9 सेकंड में पकड़ने का दावा करती है और इसकी अधिकतम रफ्तार 240 किलोमीटर प्रति घंटा है.

इसमें 108.7kWh का बैटरी पैक है. DC चार्जिंग के लिए अधिकतम 400kW क्षमता दी गई है और BMW का दावा है कि 10 मिनट की चार्जिंग में 340 किलोमीटर तक की रेंज जोड़ी जा सकती है. AC चार्जिंग 22kW तक सपोर्ट करती है.

M-स्पेसिफिक डिजाइन और केबिन

iX3 M60 में M Yellow Lights, M-बैज वाले फ्रंट फेंडर, खास ORVM कवर, ब्लैक डिफ्यूजर और M-स्पेसिफिक रूफ स्पॉइलर दिए गए हैं. इसमें 21-इंच अलॉय व्हील्स मानक हैं, जबकि 22-इंच व्हील्स विकल्प के तौर पर उपलब्ध होंगे.

केबिन में M Sport स्टीयरिंग व्हील, Boost और M मोड के लिए अलग नियंत्रण, M Sport सीट्स और रोशन M लोगो वाले हेडरेस्ट मिलते हैं. My Modes के जरिए लाइटिंग, साउंड, डिस्प्ले, चेसिस और ड्राइव सिस्टम में बदलाव किया जा सकता है. ऑडियो के लिए 430W का 13-स्पीकर Harman Kardon सिस्टम और Dolby Atmos दिया गया है.

मानक फीचर्स में 17.9-इंच टचस्क्रीन और Panoramic Vision सिस्टम शामिल हैं. वैकल्पिक 3D हेड-अप डिस्प्ले भी उपलब्ध होगा. उत्पादन 2027 के वसंत में हंगरी के Debrecen प्लांट में शुरू होगा. BMW ने भारत में M60 लाने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन iX3 लॉन्ग-व्हीलबेस को 2027 में भारत लाने की पुष्टि की है.