BMW ने iX3 पर आधारित अपनी नई इलेक्ट्रिक coupe-SUV iX4 का खुलासा किया है. यह मॉडल Neue Klasse आर्किटेक्चर पर आधारित BMW का तीसरा मॉडल है. iX4 को 40 xDrive, 50 xDrive और M60 xDrive—इन तीन वेरिएंट में पेश किया जाएगा.

डिजाइन के मामले में iX4, iX3 से काफी हद तक मिलती-जुलती है, लेकिन C-पिलर के बाद इसकी छत तेजी से नीचे आती है. यही coupe-SUV प्रोफाइल दोनों मॉडलों के बीच सबसे बड़ा अंतर है. iX4 की लंबाई iX3 से 40 मिलीमीटर कम है. 40 xDrive और 50 xDrive में 20-इंच अलॉय व्हील, जबकि M60 xDrive में 21-इंच अलॉय मिलते हैं. M60 वेरिएंट में अलग लाइटिंग सिग्नेचर, पीले DRL और बड़ा ट्विन-रिज स्पॉयलर भी दिया गया है.

केबिन का लेआउट iX3 जैसा है. इसमें 17.9-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन और विंडस्क्रीन के बेस पर फुल-विड्थ Panoramic Vision डिस्प्ले मिलता है. ढलान वाली छत के कारण पीछे बैठने वालों के लिए हेडरूम कम हो सकता है.

सभी वेरिएंट में डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव पावरट्रेन है, जिसकी पावर 374hp से 603hp तक है. 40 xDrive की WLTP रेंज 638 किमी, 50 xDrive की 828 किमी और M60 xDrive की 777 किमी तक है. 40 xDrive 300kW, जबकि बाकी दोनों वेरिएंट 400kW तक DC चार्जिंग सपोर्ट करते हैं. iX4 का बूट स्पेस 490 लीटर है, जो iX3 से 30 लीटर कम है.