ब्रिटेन के स्टंट ड्राइवर अलस्टेयर मोफैट और उनके 11 वर्षीय बेटे विलियम मोफैट ने कार स्टंट की दुनिया में तीन नए Guinness World Records बनाए हैं. दोनों ने ये कारनामे Guinness World Records Day 2026 के मौके पर लंदन स्थित The O2 के बाहर किए.
अलस्टेयर मोफैट ने अपनी Mini Cooper को दो पहियों पर संतुलित रखते हुए केवल 6.53 मीटर की जगह में पैरेलल पार्क किया. उन्होंने कार को दो पहियों पर चलाते हुए संकरी जगह में पार्किंग पूरी की और फिर उसे वापस चारों पहियों पर उतारा. यह प्रदर्शन उनके पहले के पैरेलल पार्किंग रिकॉर्ड और दो पहियों पर कार चलाने की क्षमता को मिलाकर किया गया था.
वहीं, 11 वर्षीय विलियम ने ड्रिफ्ट कार्ट से लगातार 10 डोनट्स बनाने का रिकॉर्ड कायम किया. उन्होंने यह स्टंट 17.14 सेकंड में पूरा किया. विलियम ने बताया कि वह अपने पिता से प्रेरित हैं और आगे उनके रिकॉर्ड तोड़ने के साथ अपने नाम भी नए रिकॉर्ड दर्ज कराना चाहते हैं.
पिता-पुत्र की जोड़ी ने एक संयुक्त रिकॉर्ड भी बनाया. इस चुनौती में दोनों ने एक-दूसरे की ओर अपनी कारों को एक ही समय पर पैरेलल पार्क किया. विलियम ने डुअल-कंट्रोल वाली सफेद क्लासिक Mini चलाई, जबकि अलस्टेयर लाल Mini Cooper में थे. पार्किंग के बाद दोनों कारों के बीच की दूरी केवल 210 सेंटीमीटर यानी 2.10 मीटर रह गई.
अलस्टेयर मोफैट इससे पहले नौ Guinness World Records अपने नाम कर चुके हैं. रिकॉर्ड बनाने में इस्तेमाल Mini Cooper को उन्होंने बाद में दान कर दिया.
