केंद्र ने वाहनों के Pollution Under Control (PUC) प्रमाणपत्र की वैधता को वाहन की उम्र, उत्सर्जन मानक और उसके उपयोग के आधार पर बदल दिया है. नए प्रावधानों के तहत छह साल तक पुराने BS-VI गैर-परिवहन वाहनों, जिनमें निजी कारें और दोपहिया शामिल हैं, को PUC प्रमाणपत्र तीन साल के लिए मिलेगा.

छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों के लिए प्रमाणपत्र की वैधता एक साल होगी. 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में PUC प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना होगा.

BS-VI परिवहन वाहनों, जैसे टैक्सी, बस और ट्रक, के लिए छह साल तक की उम्र में वैधता दो साल रखी गई है. छह से 10 साल पुराने परिवहन वाहनों के लिए यह अवधि एक साल और 10 साल से अधिक उम्र पर छह महीने होगी.

पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के लिए BS-I, BS-II और BS-III की PUC वैधता तीन महीने तथा BS-IV वाहनों की छह महीने रहेगी.

पहले से जारी PUC प्रमाणपत्र अपने-आप लंबी अवधि के नहीं होंगे. संशोधित अवधि पहली बार नवीनीकरण के समय लागू होगी. समाप्ति से 10 दिन पहले कराया गया नवीनीकरण पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति तिथि से प्रभावी होगा, जबकि समाप्ति के बाद कराया गया नवीनीकरण उसी दिन से लागू होगा.