केंद्र सरकार ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए प्रावधानों के तहत छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों का PUC प्रमाणपत्र तीन साल तक वैध रहेगा. छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने निजी वाहनों के लिए प्रमाणपत्र का हर साल नवीनीकरण कराना होगा.
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में 13 नवंबर को अधिसूचना जारी की थी. गजट में प्रकाशित होने के बाद ये बदलाव लागू हो गए हैं. नए नियम केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के 16वें संशोधन, 2026 के तहत किए गए हैं. नियमों में निजी और वाणिज्यिक वाहनों के PUC प्रमाणपत्रों के लिए अलग-अलग वैधता अवधि निर्धारित की गई है.
नवीनीकरण की तारीख का प्रावधान
अगर मौजूदा PUC प्रमाणपत्र की अवधि खत्म होने से 10 दिन पहले या उसके भीतर नवीनीकरण कराया जाता है, तो नए प्रमाणपत्र की वैधता पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति तिथि से मानी जाएगी. वहीं, प्रमाणपत्र की अवधि खत्म होने के बाद नवीनीकरण कराने पर नया प्रमाणपत्र नवीनीकरण की तारीख से लागू होगा.
नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC प्रमाणपत्रों पर बदली हुई वैधता अवधि पहली बार नवीनीकरण के बाद लागू होगी.
PUC जांच में क्या होता है
PUC प्रमाणपत्र यह दर्शाता है कि जांच के समय वाहन से निकलने वाला धुआं निर्धारित प्रदूषण सीमा के भीतर है. जांच में उत्सर्जन तय सीमा से अधिक पाए जाने पर प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाता. BS यानी भारत स्टेज उत्सर्जन मानक वाहनों से निकलने वाले प्रदूषकों की अधिकतम सीमा तय करते हैं. भारत में BS-VI मानक 1 अप्रैल 2020 से लागू हुआ था.
