सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC की वैधता अवधि में बदलाव किया है. नए नियम Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 के तहत लागू किए गए हैं. मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की और राजपत्र में प्रकाशन के साथ नियम प्रभावी हो गए.
निजी वाहनों के लिए नई वैधता
नए नियमों के अनुसार, छह साल तक पुराने BS-VI निजी वाहनों का PUC प्रमाणपत्र तीन साल तक वैध रहेगा. छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने निजी वाहनों के लिए हर साल PUC रिन्यू कराना होगा. 10 साल से अधिक पुराने निजी वाहनों के प्रमाणपत्र की वैधता छह महीने रहेगी.
व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग अवधि
छह साल तक पुराने BS-VI ट्रांसपोर्ट या व्यावसायिक वाहनों के PUC प्रमाणपत्र को दो साल की वैधता मिलेगी. छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने व्यावसायिक वाहनों के लिए सालाना रिन्यूअल जरूरी होगा. 10 साल से अधिक पुराने ट्रांसपोर्ट वाहनों को हर छह महीने में PUC प्रमाणपत्र रिन्यू कराना होगा.
पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के लिए BS-I, BS-II और BS-III वाहनों के PUC की वैधता तीन महीने रखी गई है. BS-IV वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने होगी.
रिन्यूअल की तारीख का नियम
यदि मौजूदा प्रमाणपत्र की समाप्ति से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराया जाता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति तारीख से प्रभावी माना जाएगा. समाप्ति के बाद कराया गया रिन्यूअल, रिन्यूअल की तारीख से लागू होगा.
नियम लागू होने से पहले जारी प्रमाणपत्रों पर संशोधित वैधता अवधि पहली बार रिन्यूअल के बाद लागू होगी.
