केंद्र सरकार ने Pollution Under Control (PUC) प्रमाणपत्र की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए प्रावधानों के तहत छह साल तक पुराने BS-VI मानक वाले निजी वाहनों के PUC प्रमाणपत्र की वैधता तीन साल होगी. छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने निजी BS-VI वाहनों को हर साल PUC नवीनीकरण कराना होगा.
10 साल से अधिक पुराने BS-VI निजी वाहनों के लिए छह महीने में नवीनीकरण का नियम लागू रहेगा. BS-VI परिवहन वाहनों के लिए छह साल तक दो साल, छह से 10 साल तक एक साल और 10 साल से अधिक उम्र पर छह महीने की वैधता तय की गई है.
पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के लिए भी अवधि स्पष्ट की गई है. BS-I, BS-II और BS-III वाहनों का PUC तीन महीने, जबकि BS-IV वाहनों का प्रमाणपत्र छह महीने तक मान्य रहेगा.
Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 को 13 नवंबर को अधिसूचित किया गया और ये राजपत्र में प्रकाशन के साथ प्रभावी हुए. पहले से जारी PUC प्रमाणपत्रों पर नई अवधि उनके नियम लागू होने के बाद पहले नवीनीकरण के समय लागू होगी. समाप्ति से 10 दिन पहले कराया गया नवीनीकरण पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति तिथि से प्रभावी होगा.
