BYD की SUV Fangchengbao Bao 8 का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कार एक पहिया हवा में उठे होने के बावजूद तीन पहियों पर चलती दिखाई दे रही है. वीडियो में पार्किंग में खड़ी SUV के एक पहिये पर क्लैंप लगा हुआ था. ड्राइवर ने उसी पहिये को जमीन से ऊपर उठाकर कार को पार्किंग से बाहर निकाला.
वीडियो में कार के अगले पहिये को जमीन से करीब एक फुट ऊपर देखा जा सकता है. यह मामला किसी स्टंट के बजाय SUV में दिए गए खास सस्पेंशन सिस्टम से जुड़ा है. Fangchengbao Bao 8 को ग्लोबल मार्केट में Denza B8 नाम से पेश किया जाता है. वीडियो को चीन के लियानयुंगंग स्थित जिनशान शहर का बताया गया है.
कैसे काम करता है यह सिस्टम
इस SUV में BYD का DiSus-P अल्ट्रा सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है. यह डुअल-वॉल्व डैंपर के साथ काम करता है और जरूरत पड़ने पर वाहन के किसी एक पहिये को जमीन से ऊपर उठाने में मदद करता है. इस तकनीक का इस्तेमाल बिना जैक के पहिया या टायर बदलने और ऑफ-रोडिंग के दौरान किसी रुकावट से निपटने के लिए किया जा सकता है.
कंपनी के अनुसार, सिस्टम 19,000 पाउंड तक की लिफ्टिंग क्षमता देता है और किसी पहिये को 24 घंटे तक हवा में रखा जा सकता है. एक पहिये को अधिकतम 300 मिलीमीटर तक उठाया जा सकता है, जबकि सस्पेंशन एडजस्टमेंट ट्रैवल 200 मिलीमीटर तक है. पहिया हवा में होने पर कार की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रहती है, इसलिए वीडियो में SUV धीमी रफ्तार से आगे बढ़ती दिखती है.
Bao 8 बॉडी-ऑन-फ्रेम प्लग-इन हाइब्रिड SUV है. इसमें 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर मिलती हैं. इसका संयुक्त आउटपुट 500kW और टॉर्क 760Nm बताया गया है. SUV में ऑल-व्हील ड्राइव है और यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 4.8 सेकंड में पकड़ सकती है.
