BYD के लग्जरी कार ब्रांड Denza ने भारतीय बाजार में दो प्रीमियम मॉडल के साथ एंट्री की है. कंपनी ने Denza D9 MPV और Denza Z9 GT को लॉन्च किया है. D9 MPV की एक्स-शोरूम कीमत 90 लाख रुपये रखी गई है, जबकि Z9 GT की कीमत 1.57 करोड़ रुपये एक्स-शोरूम है.

Denza D9 की बुकिंग आधिकारिक डीलरशिप के जरिए 10 लाख रुपये में की जा सकती है. भारत में इस MPV का मुकाबला MG M9, Toyota Vellfire, Kia Carnival, Lexus LM और Mercedes-Benz V-Class जैसी कारों से होगा.

730 किलोमीटर तक रेंज का दावा

Denza D9 में 115kWh की बैटरी और सिंगल मोटर दी गई है. यह सेटअप 456 bhp की पावर और 365 Nm का टॉर्क देता है. कंपनी का दावा है कि कार एक बार चार्ज करने पर 730 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है. हालांकि, वास्तविक ड्राइविंग रेंज सड़क, ट्रैफिक, मौसम और ड्राइविंग शैली जैसे कारकों के अनुसार अलग हो सकती है.

फीचर्स की बात करें तो D9 में मल्टी-मोड मसाज सीटें, 15.6 इंच की फ्लोटिंग टचस्क्रीन, 10.25 इंच का 3D इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एंबिएंट लाइटिंग दी गई है. इसमें 16-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, ADAS, 360 डिग्री कैमरा और 9 एयरबैग भी मिलते हैं.

D9 चार बाहरी रंगों—व्हेल सी ब्लू, कॉसमॉस ब्लैक, स्टारी नाइट ग्रे और आर्कटिक व्हाइट—में उपलब्ध होगी. इंटीरियर के लिए ब्राउन, बेज और ब्लैक थीम के विकल्प दिए गए हैं. Denza की डीलरशिप गुरुग्राम, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में खोली गई है.