BYD के लग्जरी वाहन ब्रांड Denza ने भारत में एंट्री की घोषणा की है. Denza India के सोशल मीडिया पोस्ट में ब्रांड का लोगो और ‘Arriving soon’ संदेश साझा किया गया. पोस्ट के मुताबिक, कंपनी भारतीय बाजार में हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक वाहनों पर केंद्रित अनुभव पेश करेगी.
Denza के मॉडल BYD की मौजूदा कारों से ऊपर पोजिशन किए जाएंगे और इनकी कीमत 80 लाख रुपये से अधिक रहने की उम्मीद है. भारत में ब्रांड की शुरुआती लाइनअप में Z9 GT और D9 शामिल हो सकते हैं. कंपनी ने अभी इन मॉडलों की भारतीय कीमत या लॉन्च तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
Denza Z9 GT में तीन मोटर
Z9 GT चार-दरवाजों वाली शूटिंग ब्रेक कार है. इसमें 122.5kWh बैटरी पैक और तीन इलेक्ट्रिक मोटर दिए गए हैं, जो कुल 1,156hp का आउटपुट देते हैं. यह ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आती है. कंपनी के दावे के अनुसार, कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 2.7 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटा है.
इसकी WLTP रेंज 600 किलोमीटर बताई गई है. कार में रियर-व्हील स्टीयरिंग, ‘क्रैब वॉक’ और ‘Compass Turn 360°’ जैसे फीचर मिलते हैं. केबिन में ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप, Level 2+ ADAS, 20-स्पीकर Devialet ऑडियो सिस्टम और मसाज फंक्शन वाली फ्रंट सीटें शामिल हैं. इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 1.2-1.5 करोड़ रुपये हो सकती है.
D9 लग्जरी MPV होगी
Denza D9 एक बड़ी लग्जरी MPV है, जिसका मुकाबला MG M9 और Toyota Vellfire से हो सकता है. भारत-स्पेक मॉडल में 103kWh बैटरी, फ्रंट मोटर से 313hp और 360Nm आउटपुट मिलने की संभावना है. इसकी WLTP रेंज 520 किलोमीटर और DC चार्जिंग क्षमता 200kW तक हो सकती है.
D9 में 2+2+3 सीटिंग लेआउट, दूसरी पंक्ति में इलेक्ट्रिक कैप्टन सीटें, तीन-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, Dynaudio ऑडियो सिस्टम और फुल-लेदर इंटीरियर मिलने की उम्मीद है. इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत करीब 90 लाख रुपये हो सकती है.
Denza की शुरुआत 2010 में BYD और Mercedes-Benz Group के संयुक्त उपक्रम के रूप में हुई थी. 2024 तक Mercedes-Benz Group ने अपनी हिस्सेदारी BYD को हस्तांतरित कर दी.
