Women’s Circuit Racing World Championship (WorldWCR) में 2027 से CFMoto 675SR-R को आधिकारिक मोटरसाइकिल के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. इस समझौते के साथ मौजूदा आधिकारिक बाइक Yamaha R7 की जगह CFMoto की मिडलवेट supersport मोटरसाइकिल लेगी.
WorldWCR का आयोजन 2024 से FIM और Dorna Sports के सहयोग से हो रहा है. यह WorldSBK के अंतर्गत आयोजित चार चैंपियनशिप में शामिल है और विशेष रूप से महिला राइडर्स के लिए बनाई गई विश्वस्तरीय रोड रेसिंग सीरीज है. 2027 इसका चौथा सत्र होगा.
वन-मेक फॉर्मेट में सभी को एक जैसी बाइक
WorldWCR वन-मेक चैंपियनशिप है, यानी ग्रिड पर उतरने वाले सभी राइडर्स एक ही स्पेसिफिकेशन वाली मोटरसाइकिल का उपयोग करते हैं. इस फॉर्मेट का उद्देश्य मशीनरी के अंतर को सीमित रखते हुए राइडर्स की क्षमता को केंद्र में रखना है. 2027 से यह भूमिका CFMoto 675SR-R निभाएगी.
675SR-R के प्रोडक्शन संस्करण में 675cc का लिक्विड-कूल्ड, तीन-सिलेंडर इंजन है. कंपनी के अनुसार यह इंजन 95hp की पावर और 70Nm टॉर्क देता है. यह पहली बार होगा जब यह मॉडल किसी विश्व चैंपियनशिप में इस्तेमाल किया जाएगा.
BSB में पहले से रेसिंग अनुभव
CFMoto 675SR-R 2025 से British Superbike Championship (BSB) में भी रेस कर रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मॉडल ने अपने पहले ही सत्र में दूसरा स्थान हासिल किया था. इसे CFMoto ने Aspar की Moto2 और Moto3 टीमों के साथ विकसित किया, जिसमें राइडर्स ने परीक्षण प्रक्रिया में भाग लिया.
CFMoto 2027 से केवल मोटरसाइकिल की आपूर्ति नहीं करेगी, बल्कि तकनीकी सहायता, पार्ट्स सपोर्ट और ट्रैक पर तकनीकी टीम भी उपलब्ध कराएगी. कंपनी ने इस कदम को वैश्विक रेसिंग मंच पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में अहम बताया है.
