चीन की एक अंडरग्राउंड पार्किंग का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें एक इलेक्ट्रिक कार बिना ड्राइवर के रातभर आगे-पीछे होती और पार्किंग की जगह तलाशती दिखाई दे रही है. कार के मालिक ने सुबह वाहन की हिस्ट्री चेक की तो पता चला कि उसका ऑटोमैटिक पार्किंग फीचर 868 बार एक्टिव हुआ था. इसी वजह से लोग इसे ‘घोस्ट कार’ कह रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सिलसिला आधी रात से सुबह तक चलता रहा. पार्किंग में मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड भी कार की गतिविधि देखता रहा. फुटेज में कार कभी पीछे जाती है और फिर आगे बढ़कर दोबारा पार्क होने की कोशिश करती दिखाई देती है.

कई कारों के वीडियो सामने आए

ऐसे ही कुछ अन्य वीडियो भी सामने आने की बात कही गई है. एक फुटेज में Avatr 06 और Avatr 12 एक साथ पार्किंग के लिए आगे-पीछे होती दिखती हैं. बताया गया है कि यह गतिविधि सुबह करीब 6 बजे दर्ज हुई. इन घटनाओं ने सेल्फ-पार्किंग और ऑटोमेटेड ड्राइविंग सिस्टम की विश्वसनीयता पर चर्चा शुरू कर दी है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये वीडियो Huawei की ‘Qiankun Intelligent Driving Open’ प्रतियोगिता के दौरान सामने आए. यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 13 नवंबर 2026 तक आयोजित की गई थी और इसमें आठ कैटेगरी में 1.90 लाख से अधिक कार मालिकों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. ‘Parking Elite’ कैटेगरी में APA, RPA और EPA जैसे असिस्टेड पार्किंग फीचर्स के इस्तेमाल और सफलता के आधार पर रैंकिंग होनी थी.

प्रतियोगिता के नियमों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे के बीच की गतिविधियों को ही स्कोर में शामिल किया जाना था. इसलिए आधी रात से सुबह तक हुई कोशिशों से अतिरिक्त अंक मिलने की संभावना नहीं थी.

वजह अभी साफ नहीं

इस घटना की संभावित वजहों में स्मार्टफोन ऐप से कार को बाहर निकालकर फिर पार्क करने का प्रयास, कम रोशनी या पार्किंग लाइन का स्पष्ट न दिखना शामिल हैं. सॉफ्टवेयर गड़बड़ी की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है. हालांकि, केवल CCTV फुटेज से तकनीकी खराबी की पुष्टि नहीं की जा सकती. इसके लिए वाहन के सिस्टम लॉग और एक्टिविटी हिस्ट्री की जांच जरूरी होगी.

वीडियो में दिखने वाली कारों में Avatr 06, Avatr 11, Avatr 12 और Huajing S के नाम सामने आए हैं. बताया गया है कि इनमें Huawei की Qiankun तकनीक और ADS 3.2 सिस्टम का इस्तेमाल होता है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कार बार-बार क्यों सक्रिय हुई.