Citroen ने Paris Motor Show 2026 में 2 CV कॉन्सेप्ट से पर्दा उठाया है. यह मॉडल कंपनी की ऐतिहासिक 2 CV कार का आधुनिक neo-retro रूप है. 2 CV नाम की वापसी उस मोटर शो में 78 साल बाद हुई है, जहां मूल मॉडल को पहली बार 1948 में प्रदर्शित किया गया था.
कॉन्सेप्ट एक छोटी इलेक्ट्रिक हैचबैक के संकेत देता है. इसका उत्पादन संस्करण 2028 में आने की योजना है और इसकी शुरुआती कीमत 15,000 यूरो बताई गई है. यह कार Citroen के वैश्विक पोर्टफोलियो में Ami और C3 के बीच रखी जाएगी. कंपनी ने अभी इसके विस्तृत तकनीकी विनिर्देश जारी नहीं किए हैं.
पुराने डिजाइन के साथ आधुनिक पहचान
2 CV कॉन्सेप्ट की लंबाई 3.76 मीटर है और Citroen इसे एक टन से कम वजन में रखने का लक्ष्य लेकर चल रही है. कंपनी के अनुसार, इससे रोजमर्रा की जरूरत के अनुरूप रेंज और कम परिचालन लागत वाली किफायती बैटरी का इस्तेमाल किया जा सकेगा.
कार के डिजाइन में गोलाकार हेडलैंप, अर्ध-गोल LED डे-टाइम रनिंग लाइट, बंद ग्रिल और बोनट पर उभरी रेखाएं दी गई हैं. विंडस्क्रीन पर 48, 90 और 26 अंक लिखे हैं, जो क्रमशः मूल मॉडल की शुरुआत, उसके उत्पादन के अंत और नए कॉन्सेप्ट के अनावरण के वर्षों को दर्शाते हैं.
18-इंच स्टील व्हील, गोल व्हील आर्च और पीछे की ओर काली टेलगेट डिजाइन को मूल 2 CV से जोड़ते हैं. Michelin ने टायरों के लिए ‘universal digital twin’ तकनीक विकसित की है, जिसके बारे में Citroen का कहना है कि यह टायर की स्थिति पर लगातार नजर रखने और वाहन के व्यवहार को वातावरण के अनुसार ढालने में मदद करती है.
साधारण लेकिन अलग इंटीरियर
केबिन में सफेद और पीले रंगों का इस्तेमाल किया गया है. बेंच-टाइप सीटों पर पीले टार्टन पैटर्न की अपहोल्स्ट्री है. पारंपरिक डैशबोर्ड और सेंटर कंसोल के बजाय एक बेलनाकार संरचना, सिंगल-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, कंट्रोल लीवर और 8-इंच टचस्क्रीन दी गई है.
इसके अलावा डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, हटाई जा सकने वाली 3D-प्रिंटेड स्टोरेज बास्केट, फैब्रिक सनरूफ और अलग किए जा सकने वाला ‘Radioën’ स्पीकर मिलता है. एक्सेलरेटर और ब्रेक पैडल पर खरगोश और कछुए के निशान भी दिए गए हैं.
