Citroen ने 2026 Paris Motor Show में 2CV कॉन्सेप्ट से पर्दा उठाया है. यह मॉडल कंपनी के पुराने और प्रतिष्ठित 2CV नाम को आधुनिक सुपरमिनी बॉडी स्टाइल और अलग डिजाइन के साथ वापस लाता है. Citroen ने इसके प्रोडक्शन वर्जन को 2028 में यूरोप में पेश करने की योजना बताई है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 15,000 यूरो रखे जाने की जानकारी दी गई है.
2CV कॉन्सेप्ट की लंबाई 3.76 मीटर है. कंपनी प्रोडक्शन मॉडल का वजन एक टन से कम रखने का लक्ष्य बना रही है. हालांकि, कॉन्सेप्ट के पावरट्रेन से जुड़ी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
पुराने 2CV से प्रेरित डिजाइन
कार के फ्रंट में उभरा हुआ Citroen Chevron लोगो दिया गया है, जिसके दोनों ओर अर्ध-गोलाकार LED हेडलैंप हैं. 18-इंच स्टील व्हील का डिजाइन मूल 2CV से प्रेरित है. पीछे की तरफ ब्लैक बूटलिड और रियर विंडस्क्रीन के दोनों ओर पतले वर्टिकल LED टेल-लैंप मिलते हैं.
केबिन में पीले रंग की थीम और सरल लेआउट रखा गया है. आगे और पीछे दोनों रो में टार्टन फैब्रिक वाली बेंच-टाइप सीटें दी गई हैं. 8-इंच टचस्क्रीन और ड्राइवर डिस्प्ले पर कॉमिक-बुक शैली के ग्राफिक्स हैं. स्क्रीन के नीचे फिजिकल कंट्रोल दिए गए हैं, जबकि रेडियो यूनिट को निकालकर स्पीकर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है.
