दिल्ली में सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा. योजना के तहत राजधानी में 180 स्थानों पर कुल 540 चार्जिंग पॉइंट लगाए जाने हैं. परियोजना के लिए दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) ऑपरेटरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर चुका है.
हर स्थान पर तीन चार्जर लगाए जाने का प्रस्ताव है. इनमें इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए 12 किलोवाट का चार्जर, N1 श्रेणी के मालवाहक वाहनों और इलेक्ट्रिक कारों के लिए 60 किलोवाट का चार्जर तथा तेज चार्जिंग के लिए 120 किलोवाट का चार्जर शामिल होगा.
180 स्थानों को दो पैकेज में बांटा गया है. दोनों पैकेज में 90-90 साइट होंगी. पहला पैकेज मुख्य रूप से पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली को कवर करेगा, जबकि दूसरे में दक्षिणी, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली के क्षेत्र शामिल होंगे.
ऑपरेटरों को साइट सौंपे जाने के 150 दिनों के भीतर स्टेशन व्यावसायिक रूप से चालू करने होंगे. उपयोगकर्ताओं को स्टेशन का स्थान, चार्जर की उपलब्धता और शुल्क मोबाइल ऐप तथा वेब प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की भी योजना है.
यह विस्तार दिल्ली EV Policy 2026 के तहत आने वाले चरणबद्ध विद्युतीकरण नियमों से पहले किया जा रहा है. 1 जनवरी 2027 से L5 श्रेणी के इलेक्ट्रिक तिपहिया और N1 इलेक्ट्रिक मालवाहक वाहनों के नए पंजीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी.
