दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सार्वजनिक चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा. इसके तहत राजधानी में 180 जगहों पर कुल 540 EV चार्जर लगाए जाएंगे. परियोजना की अनुमानित लागत करीब 62 करोड़ रुपये है. यह काम PM E-DRIVE योजना के तहत किया जाएगा.
दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड को इस परियोजना के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है. एजेंसी ने चार्जर लगाने और उनके संचालन के लिए ऑपरेटरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
हर जगह तीन क्षमता वाले चार्जर
आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, प्रत्येक स्थान पर 12 kW, 60 kW और 120 kW क्षमता के चार्जर लगाए जाएंगे. 12 kW के दो-गन वाले चार्जर इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहनों के लिए होंगे. 60 kW के चार्जर 3.5 टन तक के N1 इलेक्ट्रिक गुड्स कैरियर और अन्य इलेक्ट्रिक चारपहिया वाहनों के लिए इस्तेमाल किए जा सकेंगे. 120 kW का दो-गन फास्ट चार्जर भी हर साइट पर उपलब्ध होगा.
180 साइटों को 90-90 स्थानों के दो पैकेज में बांटा गया है. पहले पैकेज में मुख्य रूप से पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली, जबकि दूसरे में दक्षिणी, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली के इलाके शामिल होंगे.
