BYD का लग्जरी कार ब्रांड Denza भारतीय बाजार में अपनी शुरुआत करने की तैयारी कर रहा है. कंपनी 13 नवंबर को D9 और Z9 GT के साथ भारत में एंट्री कर सकती है. दोनों मॉडल को हाल के दिनों में टीज किया गया है और इन्हें भारत में बिना कैमोफ्लॉज के भी देखा जा चुका है.
Denza D9 एक लग्जरी 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV होगी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन में भी उपलब्ध है, लेकिन भारत में इसके इलेक्ट्रिक रूप में आने की संभावना है. इसे CBU यूनिट के तौर पर लाया जा सकता है. हालांकि, भारत में इसका कौन-सा वेरिएंट लॉन्च होगा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
Denza D9 में क्या मिल सकता है
D9 में 103kWh बैटरी और 520 किलोमीटर की दावा की गई रेंज मिल सकती है. इसके फ्रंट-व्हील-ड्राइव वर्जन की पावर 313 बीएचपी और टॉर्क 360 एनएम बताया गया है. ऑल-व्हील-ड्राइव वर्जन 374 बीएचपी की पावर और 470 एनएम टॉर्क दे सकता है.
स्पाई शॉट्स और उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, MPV में ब्लैंक्ड-ऑफ ग्रिल, एलईडी लाइटिंग, 18-इंच अलॉय व्हील और पावर्ड स्लाइडिंग डोर मिल सकते हैं. फीचर्स में 15.6-इंच टचस्क्रीन, 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 14-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, ADAS और 360-डिग्री कैमरा शामिल हो सकते हैं. इसकी संभावित कीमत 85 लाख से 95 लाख रुपये के बीच बताई गई है.
Z9 GT में तीन मोटर का सेटअप
Denza Z9 GT एक शूटिंग ब्रेक कार होगी. इसमें 122.5kWh बैटरी और तीन मोटरों का सेटअप मिल सकता है. कार की दावा की गई पावर 1,156 बीएचपी और टॉर्क 1,200 एनएम है, जबकि रेंज करीब 600 किलोमीटर बताई गई है. इसमें 17.3-इंच सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन, 13.2-इंच ड्राइवर डिस्प्ले और फ्रंट पैसेंजर के लिए 13.2-इंच स्क्रीन दी जा सकती है.
इन दोनों मॉडलों की अंतिम कीमत, वेरिएंट, स्पेसिफिकेशन और उपलब्धता की आधिकारिक जानकारी लॉन्च के समय स्पष्ट होगी.
