BYD का लग्जरी कार ब्रांड Denza भारतीय बाजार में प्रवेश करने की तैयारी में है. कंपनी ने भारत के लिए अपना पहला टीजर जारी कर ब्रांड की एंट्री का संकेत दिया है. हालांकि, Denza ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि भारत में उसकी पहली कार कौन-सी होगी और लॉन्च कब किया जाएगा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Denza की कारें BYD की मौजूदा रेंज से ऊपर प्रीमियम सेगमेंट में रखी जाएंगी. इनकी बिक्री के लिए एक्सक्लूसिव शोरूम नेटवर्क तैयार किए जाने की बात कही जा रही है. भारत में शुरुआती मॉडल के तौर पर Denza D9 और Denza Z9 GT के नामों की चर्चा है, लेकिन दोनों में से किसी एक की पुष्टि कंपनी ने नहीं की है.

Denza D9 में क्या खास हो सकता है

Denza D9 एक लग्जरी इलेक्ट्रिक MPV है, जिसमें सात लोगों के बैठने की क्षमता बताई गई है. इसके संभावित प्रतिद्वंद्वियों में MG M9, Mercedes-Benz V-Class, Toyota Vellfire और Lexus LM जैसे मॉडल शामिल हो सकते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें प्रीमियम केबिन, पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड स्लाइडिंग डोर, सॉफ्ट-क्लोजिंग डोर और रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन जैसे फीचर मिल सकते हैं.

D9 में 103 से 115 kWh की बैटरी और करीब 800 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज मिलने की संभावना जताई गई है. भारत में यह कार पूरी तरह निर्मित यूनिट यानी CBU रूप में लाई जा सकती है.

Denza Z9 GT एक हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक फास्टबैक है. इसमें ट्रिपल-मोटर सेटअप और बड़ी बैटरी मिलने की बात कही जा रही है. हालांकि, भारत में इसकी बिक्री, कीमत, स्पेसिफिकेशन और लॉन्च टाइमलाइन पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.