BYD का लग्जरी कार ब्रांड Denza भारतीय बाजार में प्रवेश करने जा रहा है. कंपनी 13 नवंबर को भारत में अपनी पहली कार लॉन्च कर सकती है. लॉन्च से पहले Denza India ने एक छोटा टीजर वीडियो जारी किया है, जिसमें आगामी कार की ब्रेक लाइट और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की झलक दिखाई गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Denza भारत में दो गाड़ियों के साथ शुरुआत कर सकता है. इनमें Denza Z9 GT का नाम प्रमुखता से सामने आया है. यह एक परफॉर्मेंस-केंद्रित प्रीमियम कार है, जो वैश्विक बाजारों में इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड दोनों वर्जन में उपलब्ध है. भारत में इसे इलेक्ट्रिक वर्जन में लाए जाने की संभावना जताई जा रही है.
तीन मोटर और तेज रफ्तार
Z9 GT के इलेक्ट्रिक वर्जन में तीन मोटरों का सेटअप मिलता है. इनमें एक मोटर आगे और दो मोटर पीछे दी गई हैं. वैश्विक स्पेसिफिकेशन के आधार पर यह सेटअप 1,156 हॉर्सपावर तक की ताकत दे सकता है. कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 2.7 सेकंड में पकड़ने का दावा करती है, जबकि इसकी अधिकतम गति 270 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है.
कार में 122.5 kWh की बैटरी दी गई है और इसकी क्लेम्ड रेंज करीब 600 किलोमीटर है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह 1,500 kW फ्लैश अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. इस तकनीक से बैटरी को 10 से 97 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 9 मिनट लगने का दावा किया गया है.
Denza को BYD से ऊपर रखा जाएगा और इसकी कारें लग्जरी सेगमेंट में आएंगी. Z9 GT की संभावित कीमत 1.2 करोड़ से 1.5 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है. अंतिम कीमत, वेरिएंट और भारत-स्पेक फीचर्स लॉन्च के समय स्पष्ट होंगे.
