BYD का लग्जरी कार ब्रांड डेंजा भारतीय बाजार में एंट्री की तैयारी कर रहा है. कंपनी 13 नवंबर को ब्रांड लॉन्च कर सकती है. शुरुआती चरण में डेंजा की ओर से Z9 GT और D9 MPV पेश किए जाने की उम्मीद है. दोनों मॉडलों को भारत में पेटेंट कराया जा चुका है.
Z9 GT को लॉन्च से पहले सिग्नेचर ग्रीन रंग में देखा गया है. यह एक प्रीमियम हाई-परफॉर्मेंस एस्टेट या शूटिंग ब्रेक कार होगी. भारत में इसका इलेक्ट्रिक वर्जन आने की संभावना है. कार की भारतीय कीमत आधिकारिक रूप से घोषित नहीं हुई है, लेकिन इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये हो सकती है. चीन में Z9 GT की शुरुआती कीमत 3,29,800 युआन बताई गई है, जो लगभग 46.74 लाख रुपये के बराबर है.
पावर और रेंज
चीन में उपलब्ध टॉप वेरिएंट में 122.5kWh बैटरी और ट्रिपल-मोटर सेटअप दिया गया है. यह सेटअप 1,156 हॉर्सपावर की पीक पावर और 1,210Nm टॉर्क देने का दावा करता है. कार 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 2.7 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है. क्लेम्ड रेंज 1,036 किलोमीटर तक है.
Z9 GT की लंबाई 5,195mm, चौड़ाई 1,990mm, ऊंचाई 1,500mm और व्हीलबेस 3,125mm है. डेंजा की कारें BYD के मौजूदा मॉडल्स से ऊपर प्रीमियम पोजिशनिंग के साथ पेश की जाएंगी.
केबिन में प्रीमियम फीचर्स
कार में 17.3 इंच का इंफोटेनमेंट डिस्प्ले, 13.2 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 13.2 इंच की पैसेंजर स्क्रीन दी जा सकती है. इसमें इलेक्ट्रिकली खुलने वाले दरवाजे, हीटेड, वेंटिलेटेड और मसाज फंक्शन वाली सीटें तथा बड़ा पैनोरमिक सनरूफ भी मिलेगा. इन फीचर्स और भारतीय कीमत की आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय होने की उम्मीद है.
