BYD के प्रीमियम कार ब्रांड Denza ने भारतीय बाजार में अपनी शुरुआत कर दी है. कंपनी ने दो मॉडल—Denza D9 MPV और Denza Z9 GT—लॉन्च किए हैं. इनमें Z9 GT को शूटिंग ब्रेक स्टाइल की लग्जरी कार के तौर पर पेश किया गया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹1.57 करोड़ रखी गई है.
कार की बुकिंग ₹10 लाख के टोकन अमाउंट के साथ की जा सकती है. यह Denza डीलरशिप के जरिए उपलब्ध होगी. फिलहाल कंपनी ने गुरुग्राम, मुंबई, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद में डीलरशिप खोली हैं.
लग्जरी फीचर्स से लैस केबिन
Denza Z9 GT में एलईडी लाइट्स, 21-इंच टायर, डुअल-टोन अलॉय व्हील्स, यलो ब्रेक कैलिपर्स और लेदर अपहोल्स्ट्री दी गई है. कार में 20-स्पीकर प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, डिजिटल ORVMs और दो 50W वायरलेस चार्जिंग पैड भी मिलते हैं.
इसके केबिन में माइनस 6 डिग्री से 50 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बनाए रखने वाला मिनी फ्रिज और हीटर दिया गया है. सीटों में वेंटिलेशन, मसाज और एक्सटेंडेड लेग रेस्ट जैसे फीचर्स हैं. इसके अलावा AR हेड-अप डिस्प्ले, 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, 17.3-इंच सेंटर स्क्रीन और 13.2-इंच पैसेंजर स्क्रीन शामिल हैं.
तीन मोटर और 670 किमी की दावा की गई रेंज
यह कार BYD के e3 प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसमें एयर सस्पेंशन के साथ 360-डिग्री कंपास टर्न फीचर दिया गया है. कंपनी के अनुसार, इसमें 122.29 kWh की Gen-2 BYD Blade बैटरी और तीन मोटर का सेटअप है. इसका कुल आउटपुट 1,156 हॉर्सपावर और 1,210 Nm टॉर्क है, जो चारों पहियों तक पहुंचता है.
कंपनी का दावा है कि Z9 GT 2.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 270 किमी प्रति घंटा है. इसकी दावा की गई रेंज 670 किमी है. कंपनी के मुताबिक, बैटरी 10 से 97 प्रतिशत तक करीब 9 मिनट में चार्ज हो सकती है.
