भारत में 100% तक इथेनॉल पर चलने वाली फ्लेक्स-फ्यूल कारों का रास्ता खुलने के बीच सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से ईंधन की उपलब्धता को लेकर सवाल किया है. अदालत ने पूछा कि अगर बड़ी संख्या में वाहन E100 पर चलने लगते हैं, तो उनके लिए पर्याप्त इथेनॉल की आपूर्ति कैसे सुनिश्चित की जाएगी.
यह सवाल इथेनॉल सप्लाई ईयर 2025-26 के लिए इथेनॉल वितरण से जुड़ी याचिकाओं की सुनवाई के दौरान उठा. जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने सुनवाई में E100 वाहनों को अनुमति दिए जाने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स का उल्लेख किया और बड़े पैमाने पर ईंधन आपूर्ति की तैयारी पर केंद्र से जवाब मांगा.
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने अदालत को बताया कि E100 वाहनों का इस्तेमाल बढ़ने पर मैन्युफैक्चरिंग और प्रोडक्शन सिस्टम में बड़े स्तर पर बदलाव करने होंगे. इसका मतलब है कि वाहन निर्माण के साथ-साथ इथेनॉल उत्पादन और वितरण व्यवस्था को भी विस्तार देना होगा.
किसानों के हितों पर भी जोर
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इथेनॉल नीति को केवल ईंधन और पर्यावरण के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. किसानों के हित और आम लोगों का लाभ भी इसमें शामिल होना चाहिए. पीठ ने ग्रामीण आबादी और किसानों को सशक्त बनाने के पहलू पर पर्याप्त ध्यान देने की जरूरत बताई.
सुनवाई के दौरान एक वकील ने कहा कि इथेनॉल को बढ़ावा देने से किसानों को लाभ मिल सकता है. एक अन्य वकील ने दलील दी कि केंद्र की मौजूदा नीति में किसानों के हितों को शामिल किया गया है. अटॉर्नी जनरल ने भी आश्वासन दिया कि मामले में अपनी दलीलों के दौरान किसानों से जुड़े पहलुओं को रखा जाएगा.
E100 के लिए बदले मोटर वाहन नियम
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 26 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में बदलाव की अधिसूचना जारी की. इसके तहत फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए E100 को नियमों में शामिल किया गया है. मंत्रालय ने उत्सर्जन प्रमाणन से जुड़े नियमों में भी E85 के साथ E100 का स्पष्ट उल्लेख किया है.
E85 में 85% इथेनॉल और 15% पेट्रोल होता है, जबकि E100 में लगभग पूरी मात्रा इथेनॉल की होती है. ऐसे वाहनों के इंजन और फ्यूल सिस्टम को पेट्रोल के साथ अधिक इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन पर चलने के लिए तैयार किया जाता है.
इथेनॉल आपूर्ति बढ़ाने से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 30 जून को कर्नाटक हाईकोर्ट के निर्देश पर स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था. अगली सुनवाई अगले महीने तय की गई है.
