बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप E3 Electric.Ai ने E3 Trion इलेक्ट्रिक स्कूटर की डिलीवरी शुरू कर दी है. कंपनी ने हैदराबाद स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में इसका उत्पादन शुरू किया है. तीनों वेरिएंट की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी.
बैटरी और रेंज
E3 Trion को C1, C1X और C2 वेरिएंट में पेश किया गया है. इसमें 2.3kWh और 3kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं. बेस C1 में 2.3kWh का रिमूवेबल बैटरी पैक दिया गया है, जबकि C1X और C2 में 3kWh का फिक्स्ड बैटरी पैक है.
कंपनी के अनुसार, C1 की दावा की गई IDC रेंज 108 किमी, C1X की 165 किमी और C2 की 128 किमी है. तीनों वेरिएंट में आगे और पीछे 14-इंच के पहिए दिए गए हैं.
कीमत और शुरुआती ग्राहक लाभ
E3 Trion C1 की बेंगलुरु एक्स-शोरूम कीमत ₹1 लाख, C1X की ₹1.10 लाख और C2 की ₹1.20 लाख है. पहले 100 ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क पर बैटरी पैक और कुछ प्रमुख हिस्सों के लिए आठ साल या एक लाख किलोमीटर, जो पहले हो, तक की एक्सटेंडेड वारंटी मिलेगी.
इसके साथ एक साल की E3 Wingman रोडसाइड असिस्टेंस भी दी जाएगी. कंपनी ने इस पैकेज का मूल्य C1 के लिए ₹6,500 और C1X व C2 के लिए ₹8,500 बताया है.
