भारत में इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों का निजी क्षेत्र में विस्तार महंगी खरीद और सीमित वित्तपोषण के कारण धीमा पड़ रहा है. वित्तीय संस्थानों को इन वाहनों की ऊंची शुरुआती कीमत, बैटरी की उम्र, पुनर्विक्रय मूल्य और इस्तेमाल की वास्तविक क्षमता को लेकर जोखिम दिखता है.

नीति आयोग के अनुसार, इलेक्ट्रिक बस और ट्रक समान श्रेणी के पारंपरिक ईंधन वाहनों की तुलना में करीब दो से तीन गुना महंगे हो सकते हैं. छोटे ऑपरेटरों के लिए अधिक डाउन पेमेंट और बड़ी मासिक किस्त जुटाना मुश्किल है. ट्रक कारोबार में स्वामित्व भी काफी बिखरा हुआ है और बड़ी संख्या में मालिक छोटे बेड़े चलाते हैं.

इस चुनौती से निपटने के लिए भारी उद्योग मंत्रालय ने बैंकों, NBFCs, SIDBI, NIIF, वाहन निर्माताओं और ऑपरेटरों के साथ वित्तीय मॉडल पर चर्चा की है. प्रस्तावित विकल्पों में आंशिक क्रेडिट गारंटी और ब्याज सहायता शामिल हैं, ताकि कर्जदाताओं का जोखिम घटे और निजी खरीदारों के लिए ऋण सस्ता हो सके. सरकार ने इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों के लिए मानकीकृत मूल्यांकन, लंबी ऋण अवधि और रियायती वित्त जैसे उपायों की जरूरत भी रेखांकित की है.