Eternal ने भारत में लास्ट-माइल डिलीवरी को इलेक्ट्रिक बनाने की अपनी योजना के साथ जुड़े व्यावहारिक संकटों को रेखांकित किया है. कंपनी की वित्त वर्ष 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, EV आधारित डिलीवरी पार्टनर्स की संख्या एक लाख से अधिक हो गई और इन पार्टनर्स ने 22.8 करोड़ से ज्यादा ऑर्डर पूरे किए.
हालांकि, कंपनी ने 2030 तक 100% EV आधारित फूड डिलीवरी के लक्ष्य की समीक्षा शुरू कर दी है. Eternal के मुताबिक, बड़ी संख्या में डिलीवरी पार्टनर्स पार्ट-टाइम काम करते हैं और नया वाहन खरीदने के बजाय मौजूदा वाहन या किराये का विकल्प पसंद करते हैं. EV की शुरुआती कीमत, सीमित और महंगा कर्ज तथा पेट्रोल वाहनों की तुलना में कमजोर रीसेल बाजार अपनाने की रफ्तार को प्रभावित कर रहे हैं.
चार्जिंग और बैटरी-स्वैपिंग नेटवर्क की कमी भी प्रमुख चुनौती है, खासकर बड़े शहरों के बाहर. मार्च 2026 तक Zomato की EV रेंटल पहल के तहत दिल्ली और चेन्नई में 1,500 से अधिक इलेक्ट्रिक दोपहिया तैनात किए गए थे. कंपनी का कहना है कि व्यापक बदलाव के लिए वाहन, वित्त, चार्जिंग और नीति-समर्थन से जुड़े पक्षों के बीच समन्वय जरूरी होगा.
