Ferrari अपना Universo Ferrari अनुभव पहली बार भारत में आयोजित करने जा रही है. यह प्रदर्शनी 17 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के Yashobhoomi India International Convention and Expo Centre में होगी. आयोजकों के अनुसार, आम दर्शकों के लिए इसके दरवाजे 19 अक्टूबर से खुलेंगे, जबकि 17 और 18 अक्टूबर को केवल आमंत्रित मेहमानों को प्रवेश दिया जाएगा.
Ferrari के मुताबिक, Universo Ferrari एक immersive 360-degree exhibition है, जिसमें ब्रांड के इतिहास, तकनीक, मोटरस्पोर्ट और मौजूदा उत्पादों को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा. यह अनुभव इससे पहले इटली, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड में आयोजित हो चुका है. भारत में होने वाला आयोजन इसका पांचवां संस्करण होगा.
प्रदर्शनी में क्या दिखेगा
‘Classiche’ क्षेत्र में Ferrari के इतिहास को आकार देने वाले चुनिंदा प्रतिष्ठित मॉडलों को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके अलावा मौजूदा और आगामी कारों में 849 Testarossa, 12Cilindri, Purosangue, Amalfi Spider, F80 सुपरकार और Ferrari की पहली इलेक्ट्रिक कार Luce को शामिल किया गया है.
प्रदर्शनी का ‘Racing Area’ कंपनी की मोटरस्पोर्ट विरासत, उपलब्धियों और अलग-अलग दौर की रेस-स्पेक कारों पर केंद्रित होगा.
इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण Ferrari Hypersail भी होगा. कंपनी के अनुसार, इसे एशिया में पहली बार प्रदर्शित किया जाएगा. Hypersail Ferrari का नौकायन क्षेत्र में पहला प्रोजेक्ट है, जिसे बिना रुके दुनिया का चक्कर लगाने के गति रिकॉर्ड के प्रयास के लिए विकसित किया गया है.
