वित्त मंत्रालय ने केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों से स्टाफ कारों की खरीद में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को डिफॉल्ट और प्राथमिक विकल्प बनाने को कहा है. मंत्रालय ने EV की खरीद के लिए नेट डीलर प्राइस (NDP) की अधिकतम सीमा ₹20 लाख तय की है.

आंतरिक दहन इंजन (ICE) वाले पेट्रोल, डीजल और हाइब्रिड वाहनों के लिए NDP सीमा ₹10 लाख रखी गई है. मंत्रालय के अनुसार, संशोधित सीमा मौजूदा बाजार कीमतों और वाहन के पूरे जीवनचक्र की लागत को ध्यान में रखते हुए तय की गई है. इसका उद्देश्य जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाना और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देना है.

मौजूदा कारों के बदले EV खरीदने का निर्देश

10 नवंबर को जारी कार्यालय ज्ञापन में व्यय विभाग ने कहा कि मौजूदा ICE स्टाफ कारों के कंडेमनेशन या replacement के समय मंत्रालयों और विभागों को सामान्यतः EV खरीदने चाहिए. EV को खरीद के लिए “default and preferred choice” बताया गया है.

2022 में जारी निर्देशों में सरकारी मंत्रालयों और विभागों की ओर से कारों की खरीद और hiring के लिए NDP सीमा ₹6 लाख तय की गई थी. नए निर्देश में EV और ICE वाहनों के लिए अलग-अलग सीमा निर्धारित की गई है.

यदि किसी मंत्रालय या विभाग को लगता है कि EV की खरीद या तैनाती व्यावहारिक नहीं है और वह ICE वाहन खरीदना चाहता है, तो उसे छूट के लिए कारण सहित प्रस्ताव व्यय विभाग को भेजना होगा. ऐसे प्रस्ताव के लिए संबंधित प्रशासनिक मंत्रालय या विभाग के सचिव की मंजूरी और वित्तीय सलाहकार की सहमति आवश्यक होगी.

EV किराये पर लेने के नियम जारी रहेंगे

वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि मंत्रालयों और विभागों को EV किराये पर लेने से जुड़े 2022 के निर्देशों का पालन जारी रखना होगा. ICE वाहन किराये पर लेना जरूरी समझे जाने पर भी मामला-दर-मामला आधार पर व्यय विभाग से छूट लेनी होगी.

यह फैसला सरकार की स्वच्छ मोबिलिटी, ऊर्जा सुरक्षा और कार्बन उत्सर्जन घटाने की व्यापक कोशिशों के बीच आया है. इस दृष्टिकोण में वित्तीय प्रोत्साहन, घरेलू EV निर्माण, चार्जिंग ढांचे का विकास और संस्थागत स्तर पर EV अपनाने को बढ़ावा देना शामिल है.