एक YouTube क्रिएटर ने खराब हो चुकी Harley-Davidson बाइक को माइक्रो जेट टर्बाइन से चलने वाली कस्टम मशीन में बदल दिया है. Bikes and Beards चैनल के इस प्रोजेक्ट में बाइक के मूल इंजन को हटाकर पिछले पहिये के दोनों ओर दो माइक्रो टर्बाइन लगाए गए. टेस्टिंग के दौरान बाइक 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंची.
खराब इंजन वाली बाइक को बनाया प्रोजेक्ट
इस मॉडिफिकेशन के लिए ऐसी Harley-Davidson चुनी गई थी, जिसका मूल इंजन पूरी तरह खराब हो चुका था और उसकी मरम्मत संभव नहीं थी. प्रोजेक्ट पर 400 घंटे से अधिक समय लगाया गया. बाइक का स्विचगियर और डिस्प्ले बरकरार रखा गया, हालांकि नए टर्बाइन सिस्टम के अनुरूप कुछ बदलाव किए गए.
इन टर्बाइनों से लगभग 336 न्यूटन थ्रस्ट पैदा होती है. सामान्य मोटरसाइकिल की तरह इसमें इंजन और चेन के जरिए पिछले पहिये को चलाने के बजाय सीधे थ्रस्ट का इस्तेमाल किया गया है. इसलिए इसे चलाते समय गियर बदलने की जरूरत नहीं पड़ती. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, बाइक का वजन 159 किलोग्राम है.
सड़क पर इस्तेमाल में सुरक्षा चुनौती
टर्बाइन से निकलने वाली थ्रस्ट के साथ काफी गर्मी भी पैदा होती है. प्रोजेक्ट से जुड़े वीडियो में टर्बाइन फेल होने की स्थिति में टूटे हुए हिस्सों को फैलने से रोकने के लिए सुरक्षा कवर की जरूरत बताई गई है.
इस वजह से बाइक को सामान्य सड़कों पर चलाना व्यावहारिक या सुरक्षित नहीं माना जा सकता. इसे एक विशेष प्रयोगात्मक प्रोजेक्ट के तौर पर देखा जा रहा है. टेस्टिंग में 97 किलोमीटर प्रति घंटे की गति दर्ज की गई, लेकिन इसकी अधिकतम गति की पुष्टि नहीं हुई है.
