Honda ने Elevate facelift को ₹11.80 लाख से ₹18.30 लाख (एक्स-शोरूम) की कीमत range में लॉन्च किया है. अपडेटेड SUV में बाहरी और अंदरूनी डिजाइन बदलावों के साथ कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं. इनमें कुछ सुविधाएं केवल ऊंचे वेरिएंट्स में उपलब्ध होंगी.

केबिन और सीटों में बदलाव

पुराने Elevate में केबिन के अंदर इंजन, टायर और सड़क की आवाज आने की शिकायतें थीं. Honda का दावा है कि facelift मॉडल में साउंड इंसुलेशन बेहतर किया गया है, जिससे खासकर मिड और हाई RPM पर शोर कम होना चाहिए.

नई SUV में पावर्ड फ्रंट सीटें भी मिलती हैं. ZX+ वेरिएंट में ड्राइवर सीट 8-वे और को-ड्राइवर सीट 4-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट के साथ आती है. निचले वेरिएंट्स में मैनुअल सीट एडजस्टमेंट दिया गया है.

फ्रंट सीट वेंटिलेशन ZX और ZX+ वेरिएंट्स में उपलब्ध है. ZX+ में रियर सीट वेंटिलेशन भी मिलता है, जिसे कंपनी ने इस सेगमेंट का पहला फीचर बताया है.

कैमरा और ड्राइविंग सहायता

ZX+ वेरिएंट में अब फैक्ट्री-फिटेड 360-डिग्री कैमरा दिया गया है. पुराने मॉडल में यह सुविधा एक्सेसरी के तौर पर उपलब्ध थी. V वेरिएंट से रियर पार्किंग कैमरा और VX वेरिएंट से lane-watch कैमरा मिलता है.

फ्रंट पार्किंग सेंसर ZX और ZX+ में दिए गए हैं, जबकि रियर पार्किंग सेंसर बेस वेरिएंट से स्टैंडर्ड हैं. ZX+ CVT में low-speed follow function के साथ adaptive cruise control भी जोड़ा गया है.

CVT वेरिएंट्स में बेहतर ब्रेकिंग

CVT वेरिएंट्स में रियर डिस्क ब्रेक और auto-hold function वाला electronic parking brake दिया गया है. मैनुअल वेरिएंट्स में रियर ड्रम ब्रेक और मैनुअल पार्किंग ब्रेक लीवर मिलता है.