Hyundai Motor India ने मिड-साइज SUV सेगमेंट में Bayon को लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹9.99 लाख रखी गई है. यह शुरुआती कीमत है और कंपनी ने Bayon को Creta के बाद इस सेगमेंट में अपनी दूसरी SUV के तौर पर पेश किया है.

Hyundai Bayon की बुकिंग कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत डीलरशिप पर शुरू हो गई है. ग्राहक ₹11,000 देकर SUV बुक कर सकते हैं. यह मॉडल Maruti Suzuki Victoris जैसी गाड़ियों को टक्कर देगा.

डिजाइन और आकार

Bayon की लंबाई 4,245 मिमी, चौड़ाई 1,810 मिमी और व्हीलबेस 2,600 मिमी है. SUV में 205 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस और 505 लीटर का बूट स्पेस मिलता है.

इसके फ्रंट में स्प्लिट हेडलैंप सेटअप दिया गया है. बोनट के किनारे स्लिम LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स और बंपर में नीचे मुख्य हेडलैंप लगाए गए हैं. साइड प्रोफाइल में उभरे हुए व्हील आर्च, शार्प कैरेक्टर लाइन्स और पेटल-स्टाइल अलॉय व्हील मिलते हैं. पीछे की ओर टेल-लैंप को ब्लैक ट्रिम से जोड़ा गया है. रूफ स्पॉयलर और डुअल-टोन बंपर भी डिजाइन का हिस्सा हैं.

केबिन और कनेक्टेड फीचर्स

Hyundai Bayon के केबिन में दो 12.3-इंच स्क्रीन दी गई हैं. इनमें से एक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और दूसरी इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए है. इसमें Hyundai का Connected Car Navigation Cockpit यानी ccNC सिस्टम मिलता है, जिसमें ऑनलाइन नेविगेशन, स्प्लिट-स्क्रीन और क्विक-एक्सेस मेन्यू शामिल हैं.

SUV में Hyundai का Generative AI Voice Assistant भी दिया गया है. कंपनी के अनुसार, यह Perplexity की इंटेलिजेंस और SoundHound AI की वॉइस तकनीक का इस्तेमाल करता है. सिस्टम मौसम, यात्रा योजना, होटल, रेस्तरां और आसपास के स्थानों से जुड़े सवालों का जवाब दे सकता है.

Bayon में Hyundai Bluelink के 70 से ज्यादा कनेक्टेड फंक्शन और 19 कंट्रोलर्स तक के लिए ओवर-द-एयर अपडेट सपोर्ट है. इंफोटेनमेंट और इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर 10 क्षेत्रीय और दो अंतरराष्ट्रीय भाषाओं को सपोर्ट करते हैं. इसमें 500 से ज्यादा एम्बेडेड वॉइस कमांड हैं, जो अंग्रेजी, हिंदी, हिंग्लिश, तमिल, बंगाली और तेलुगु में उपलब्ध हैं.

इंजन, माइलेज और सुरक्षा

Hyundai Bayon में 1.5-लीटर, चार-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड MPi पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 115bhp की पावर और 144Nm का टॉर्क पैदा करता है. इसे छह-स्पीड मैनुअल और iVT यानी CVT गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है. CVT वर्जन की दावा की गई माइलेज 18.6 किलोमीटर प्रति लीटर है. कंपनी 2027 तक इसका CNG विकल्प लाने की योजना बता चुकी है.

SUV में छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और Hyundai SmartSense Level 2 Pro ADAS शामिल हैं. ADAS पैकेज में 23 फंक्शन हैं, जिन्हें तीन रडार और 12 पार्किंग सेंसर सपोर्ट करते हैं. इनमें फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, लेन कीपिंग असिस्ट, ब्लाइंड-स्पॉट वार्निंग, सेफ एग्जिट वार्निंग और हाईवे ड्राइविंग असिस्ट जैसे फीचर शामिल हैं.