हुंडई भारतीय बाजार के लिए एक नई 7-सीटर एमपीवी तैयार कर रही है. केआई1आई कोडनेम वाली यह कार कंपनी के भारतीय पोर्टफोलियो में पहली एमपीवी हो सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका सीधा मुकाबला टोयोटा इनोवा से होगा, जबकि यह मारुति सुजुकी अर्टिगा से ऊपर के सेगमेंट में रखी जा सकती है.
हुंडई ने पहले भारत में एमपीवी पेश करने की योजना की पुष्टि की थी. कंपनी ने 2030 तक भारतीय बाजार में 26 नई कारें लॉन्च करने की योजना बताई है, जिसमें अपडेटेड मॉडल और नए वाहन शामिल होंगे. केआई1आई इसी योजना का हिस्सा मानी जा रही है.
संभावित प्लेटफॉर्म और फीचर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई एमपीवी को हुंडई के एन3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है. यही प्लेटफॉर्म कंपनी की सैंटा-फे जैसी बड़ी एसयूवी में इस्तेमाल होता है. हालांकि, एमपीवी के डिजाइन, आकार और सीटिंग कॉन्फिगरेशन की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
संभावित फीचर्स में पैनोरमिक सनरूफ, डुअल स्क्रीन, वेंटिलेटेड सीट्स और लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम शामिल बताए जा रहे हैं. ये फीचर्स उत्पादन मॉडल में मिलेंगे या नहीं, इसकी पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी.
डीजल इंजन पर नजर
नई एमपीवी में डीजल इंजन दिए जाने की चर्चा है. इसमें वेन्यू और क्रेटा में इस्तेमाल होने वाला 1.5 लीटर डीजल इंजन लगाया जा सकता है, जो 117 एचपी तक की पावर देता है. हालांकि, हुंडई ने इसके पावरट्रेन या लॉन्च टाइमलाइन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
टोयोटा इनोवा क्रिस्टा के संभावित रूप से 2027 में बंद होने के बाद डीजल एमपीवी सेगमेंट में जगह बन सकती है. इनोवा हायक्रॉस पेट्रोल और हाइब्रिड विकल्पों में उपलब्ध है, इसलिए हुंडई डीजल विकल्प के जरिए अलग पहचान बनाने की कोशिश कर सकती है.
