इलेक्ट्रिक वाहन अब केवल सफर का साधन नहीं रहेंगे, बल्कि जरूरत पड़ने पर घर और बिजली ग्रिड को भी ऊर्जा दे सकेंगे. IIT बॉम्बे की ग्रिड इंटीग्रेशन लैब ने इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी से घर में बिजली सप्लाई करने वाली तकनीक का प्रयोग किया है. संस्थान के अनुसार, देश में इस तरह का पहला प्रोजेक्ट तैयार किया गया है.
लैब ने IIT कैंपस में करीब तीन साल तक यह प्रयोग किया. दिन में इलेक्ट्रिक कार को सोलर पैनल से चार्ज किया जाता था और रात में उसकी बैटरी से एक प्रोफेसर के घर में बिजली सप्लाई की जाती थी. प्रयोग के दौरान कार की बैटरी ने घर के सभी उपकरणों का लोड संभाला. इससे प्रोफेसर के बिजली बिल में करीब 30% की कमी आई.
V2H और V2G तकनीक कैसे काम करती है
इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी से घर को बिजली देने की व्यवस्था को ‘व्हीकल टू होम’ यानी V2H कहा जाता है. जब इसी बैटरी से बिजली वापस ग्रिड को भेजी जाती है, तो इसे ‘व्हीकल टू ग्रिड’ यानी V2G कहा जाता है. सोलर पैनल से दिन में बनी बिजली को EV की बैटरी में स्टोर कर रात में घर के इस्तेमाल में लाया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर ग्रिड को भी बिजली दी जा सकती है.
इस तकनीक को केरल में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू करने की तैयारी है. केरल स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ने IIT बॉम्बे के साथ जुलाई 2025 में समझौता किया था. प्रस्ताव के तहत 100 से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों को V2G तकनीक से जोड़कर उनकी बैटरियों की बिजली घरों में इस्तेमाल की जाएगी.
IIT बॉम्बे ग्रिड इंटीग्रेशन लैब के प्रोफेसर जाकिर हुसैन राथर के अनुसार, प्रयोग के बाद बैटरी की सेहत पर बड़ा असर नहीं दिखा. दो साल बाद बैटरी के ‘स्टेट ऑफ हेल्थ’ में करीब 1.5% की गिरावट दर्ज हुई.
हालांकि, भारत में इलेक्ट्रिक वाहन अभी V2G उपयोग के लिए बड़े पैमाने पर तैयार नहीं हैं. इसके लिए स्पष्ट नियमन की जरूरत है. पायलट प्रोजेक्ट में चुनी गई गाड़ियों को तकनीकी बदलावों के जरिए V2G के अनुरूप तैयार किया जाएगा.
