भारत और यूरोपीय संघ के प्रस्तावित Free Trade Agreement (FTA) के तहत यूरोपीय वाहन निर्माताओं को पहले साल 1 लाख Completely Built-Up (CBU) इंजन और नॉन-प्लग-इन हाइब्रिड कारें रियायती आयात शुल्क पर भारत लाने की अनुमति मिल सकती है. यह प्रावधान समझौते के टैरिफ शेड्यूल में शामिल है.

हालांकि, FTA पर अभी हस्ताक्षर नहीं हुए हैं. दोनों पक्षों की आंतरिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही यह लागू होगा. समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने और 2027 से लागू होने की संभावना बताई गई है. वार्ता जनवरी 2026 में पूरी हुई थी.

कीमत के आधार पर अलग शुल्क

पहले साल 15,000 से 35,000 यूरो कीमत वाली कारों पर कोटे के भीतर 35 प्रतिशत आयात शुल्क लगेगा. 35,000 से 50,000 यूरो और 50,000 यूरो से अधिक कीमत वाली कारों के लिए शुल्क 30 प्रतिशत होगा. 15,000 यूरो से कम कीमत वाली कारों को पहले साल टैरिफ रियायत नहीं मिलेगी.

1 लाख वाहनों का कोटा तीन कीमत श्रेणियों में बांटा जाएगा. 15,000-35,000 यूरो वाली कारों के लिए 34,000 इकाइयां और बाकी दोनों श्रेणियों के लिए 33,000-33,000 इकाइयां निर्धारित होंगी. यह कोटा दूसरे साल 1.075 लाख, पांचवें साल 1.3 लाख और 10वें साल से 1.6 लाख वाहनों तक बढ़ेगा. 10वें साल तीनों श्रेणियों में रियायती शुल्क 10 प्रतिशत हो जाएगा.

इलेक्ट्रिक कारों के लिए अलग व्यवस्था

शुद्ध इलेक्ट्रिक और प्लग-इन हाइब्रिड कारों को शुरुआती कोटे में रियायत नहीं मिलेगी. 20,000 यूरो से अधिक कीमत वाले ऐसे वाहनों के लिए अलग कोटा पांचवें साल 20,000 इकाइयों से शुरू होगा और 14वें साल तक 90,000 इकाइयों पर पहुंच जाएगा. इन पर शुल्क पांचवें साल 30 प्रतिशत और 10वें साल से 10 प्रतिशत होगा.

कोटे से बाहर आयात होने वाली कारों पर शुरुआती शुल्क 66-110 प्रतिशत रहेगा, जो 10वें साल तक घटकर 30-35 प्रतिशत होने का प्रस्ताव है. इससे Volkswagen, Mercedes-Benz और BMW जैसी कंपनियों के लिए यूरोप से ज्यादा CBU, खासकर प्रीमियम और सीमित संख्या वाले मॉडल, लाना व्यावहारिक हो सकता है. समझौते में भारत से यूरोपीय संघ को निर्यात होने वाली कारों के लिए पारस्परिक रियायतों का भी प्रावधान है.