भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की इच्छा बढ़ रही है, लेकिन बैटरी और चार्जिंग से जुड़ी चिंताएं उपभोक्ताओं को खरीद का फैसला लेने से रोक रही हैं. Bain & Company के Global Automotive Consumer Survey 2026 के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहन खरीद को लेकर संदेह रखने वाले भारतीय उपभोक्ताओं में 52% ने बैटरी की विश्वसनीयता को बड़ी बाधा बताया.

इसके बाद 44% लोगों ने अपर्याप्त चार्जिंग ढांचे और 43% ने चार्जिंग में लगने वाले अधिक समय को समस्या माना. ऊंची कीमत को 32% और सीमित रेंज को 31% उपभोक्ताओं ने बाधा बताया.

सर्वे के मुताबिक, भारत में 57% उपभोक्ता बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर विचार करने के लिए खुले हैं. मौजूदा BEV मालिकों में करीब 71% अक्सर या हमेशा घर पर वाहन चार्ज करते हैं, जिससे घरेलू चार्जिंग सुविधा का महत्व सामने आता है.

टेस्ट ड्राइव का भी खरीदारी की इच्छा पर असर दिखा. BEV चला चुके 82% भारतीय उत्तरदाताओं ने खरीद पर विचार करने की बात कही, जबकि टेस्ट ड्राइव न लेने वालों में यह आंकड़ा 66% रहा. सर्वे 2026 की पहली तिमाही में 11 बाजारों के 12,000 से अधिक ऑटोमोबाइल उपभोक्ताओं के बीच ऑनलाइन किया गया था.