चेन्नई में जन्मे 14 वर्षीय राइडर जेडन इमैनुएल ने अपने डेब्यू सीजन में 2026 ADAC Junior Cup का खिताब जीत लिया है. इस उपलब्धि के साथ वह यूरोप में मोटरसाइकिल रेसिंग चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय राइडर बन गए हैं.

इमैनुएल ने पूरे सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने 10 रेस में छह जीत और आठ पोडियम हासिल किए. खिताब की दौड़ में उन्होंने ओले सॉबरलिख को 42 अंकों से पीछे छोड़ा.

हॉकनहाइम फाइनल में तय हुआ खिताब

हॉकनहाइम फाइनल से पहले इमैनुएल चैंपियनशिप स्टैंडिंग में 44 अंकों की बढ़त के साथ शीर्ष पर थे. फाइनल की पहली रेस में वह चौथे स्थान पर रहे, जबकि दूसरी रेस जीतकर उन्होंने खिताब पक्का कर लिया.

इमैनुएल ने 10 साल की उम्र में जर्मनी में प्रतिस्पर्धी रेसिंग शुरू की थी. पिछले साल वह FIM MotoMini Germany और ADAC Mini Bike Cup, दोनों चैंपियनशिप में कुल मिलाकर तीसरे स्थान पर रहे थे.

इस सीजन उन्होंने F. Koch Rennsport टीम के लिए Honda NSF250R बाइक चलाई. ADAC Junior Cup के दौरान उन्हें Hockenheimring, Assen, Sachsenring, Brno और Oschersleben जैसे यूरोप के प्रमुख सर्किटों पर रेसिंग का अनुभव मिला.

अब इमैनुएल 16 से 18 अक्टूबर के बीच Misano World Circuit में Moto4 European Cup में वाइल्डकार्ड एंट्री के तौर पर डेब्यू करेंगे. उन्होंने इसे नई चैंपियनशिप और 2027 की चुनौतियों की तैयारी का अवसर बताया है.