जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने 70 बैलों को बरामद कर 23 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इन बैलों को पैदल हांककर झारखंड ले जाया जा रहा था. कार्रवाई बेलडेगी गांव में शंकर ढाबा के पास की गई. पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं.
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में बैलों को बेलडेगी-डूमरबहार मार्ग की ओर ले जा रहे हैं. वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची. गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर 23 लोगों को हिरासत में लिया गया और पंचनामा तैयार किया गया.
दस्तावेज नहीं दिखाने पर मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों से बैलों के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और रसीद मांगी गई थी, लेकिन वे कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 266/2026 दर्ज किया गया. मामला छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी लोगों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
गिरफ्तार लोगों में झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी राजू महतो और विकास उर्फ विक्की मलार तथा छोटातिगरा निवासी ननकु कोरवा और रामवृक्ष नगेशिया शामिल हैं. बाकी आरोपी जशपुर जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं.
पुलिस ने गुलाम हुसैन की हीरो स्प्लेंडर प्लस और धनसाय राम की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है. दोनों वाहन चाबी सहित जब्त किए गए. पुलिस के अनुसार, सभी बैलों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें गौशाला भेज दिया गया है.
एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी है.
