JSW Motors भारत में अपने अलग ब्रांड के तहत पहली कार लॉन्च करने जा रही है. कंपनी JSW Combat SUV को 3 दिसंबर को पेश करेगी. यह भारत में ब्रांड का पहला प्रोडक्ट होगा और इसे न्यू एनर्जी व्हीकल के तौर पर बाजार में उतारने की तैयारी है.
JSW ने इस SUV के लिए चीनी वाहन कंपनी Chery के साथ साझेदारी की है. Combat को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिकने वाली Jetour T2 का रिबैज्ड वर्जन बताया जा रहा है. भारत में लॉन्च से पहले कंपनी इसमें स्थानीय बाजार की जरूरतों के मुताबिक कुछ बदलाव कर सकती है.
रग्ड डिजाइन और बड़े आयाम
Combat SUV का डिजाइन बॉक्सी और रग्ड बताया गया है. इसमें बड़ी फ्रंट ग्रिल और स्मोक्ड हेडलैम्प्स मिल सकते हैं. हेडलैम्प्स को इस तरह रखा गया है कि वे ग्रिल का हिस्सा नजर आएं. रियर में LED टेललैम्प्स, स्क्वायर्ड विंडशील्ड और रियर डोर पर स्पेयर व्हील माउंट दिया जा सकता है.
ग्लोबल मॉडल के आधार पर SUV की लंबाई 4,785 मिलीमीटर, चौड़ाई 2,005 मिलीमीटर और ऊंचाई 1,875 मिलीमीटर है. इसका व्हीलबेस 2,800 मिलीमीटर और ग्राउंड क्लीयरेंस 220 मिलीमीटर बताया गया है.
हाइब्रिड पावरट्रेन की संभावना
JSW का भारत में फोकस न्यू एनर्जी व्हीकल्स पर रहने की बात कही गई है. Combat को हाइब्रिड या इलेक्ट्रिक अवतार में पेश किया जा सकता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कंपनी इसे प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ ला सकती है. इसमें पेट्रोल इंजन के साथ बैटरी पैक मिलने की संभावना है.
SUV में 18.4 kWh से 26.7 kWh के बीच बैटरी और 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिए जाने की संभावना है. इसकी दावा की गई प्योर इलेक्ट्रिक रेंज 90 से 100 किलोमीटर के बीच हो सकती है. भारत में इसकी संभावित कीमत 25 लाख से 35 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है.
