JSW Motors भारतीय बाजार में अपनी पहली कार के तौर पर Combat SUV पेश करने की तैयारी कर रही है. कंपनी की यह SUV 3 दिसंबर को लॉन्च हो सकती है. लॉन्च से पहले इसका प्रोडक्शन-रेडी मॉडल गुजरात के दमन में एक टीवीसी ऐड शूट के दौरान बिना कैमोफ्लॉज के नजर आया.
Combat SUV को ग्लोबल बाजार में आने वाली Jetour T2 का रिबैज्ड वर्जन बताया जा रहा है. इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में Jetour T2 के मुकाबले बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. फ्रंट ग्रिल पर ‘COMBAT’ नाम लिखा मिल सकता है.
संभावित फीचर्स और इंटीरियर
SUV में 15.6 इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन, 10.6 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और फोर-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलने की संभावना है. इसके अलावा 12-स्पीकर साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग तथा अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं. इसमें 360 डिग्री कैमरे के साथ अंडरफ्लोर व्यू वाला 540 डिग्री कैमरा भी मिल सकता है.
प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन
JSW Combat को भारत में प्लग-इन हाइब्रिड अवतार में लॉन्च किए जाने की संभावना है. ग्लोबल मॉडल में 1.5 लीटर फोर-सिलेंडर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 18.4kWh बैटरी दी जाती है. इसका संयुक्त आउटपुट 360hp और 610Nm है, जबकि ट्रांसमिशन 3-स्पीड हाइब्रिड यूनिट है.
ग्लोबल स्पेसिफिकेशन के अनुसार बैटरी से 90 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज मिलती है. 6.6kW एसी चार्जर से इसे 30 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब तीन घंटे लगते हैं. 50kW डीसी चार्जर से 30 से 80 प्रतिशत चार्जिंग 27 मिनट में हो सकती है.
भारत में मॉडल के स्पेसिफिकेशन में क्या बदलाव होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है. इसकी अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत करीब 40 लाख रुपये हो सकती है. कंपनी की वेबसाइट पर इंटरेस्ट रजिस्ट्रेशन शुरू है, लेकिन बुकिंग फिलहाल शुरू नहीं हुई है.
