कर्नाटक में E20 पेट्रोल में तय सीमा से अधिक इथेनॉल मिलने के दावे को लेकर विवाद बढ़ गया है. राज्य सरकार ने कुछ पेट्रोल पंपों से लिए गए सैंपल की जांच के आधार पर कुछ नमूनों में इथेनॉल की मात्रा 26 से 31.2 प्रतिशत के बीच होने का दावा किया था. अब सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने संयुक्त बयान जारी कर इन निष्कर्षों को खारिज किया है.

तेल कंपनियों के मुताबिक, कर्नाटक समेत देशभर में सप्लाई किया जा रहा E20 पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के मानक IS 17021 के अनुरूप है. कंपनियों ने कहा कि राज्य सरकार की जांच में पेट्रोल सैंपल लेने और उनकी जांच की निर्धारित कानूनी व तकनीकी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया.

राज्य सरकार का दावा क्या है

कर्नाटक सरकार के मंत्री रिजवान अरशद के मुताबिक, अलग-अलग जिलों से पेट्रोल के नमूने लिए गए थे. इनमें बेंगलुरु भी शामिल था. सरकार ने दावा किया कि कुछ सैंपल में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक पाई गई. राज्य सरकार ने इस आधार पर तेल कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.

तेल कंपनियों ने सैंपलिंग प्रक्रिया पर उठाए सवाल

तेल कंपनियों ने बताया कि गुणवत्ता जांच के लिए कुल छह सैंपल लिए जाने चाहिए. इनमें से दो सैंपल पेट्रोल पंप डीलर को रसीद के साथ दिए जाते हैं, दो तेल कंपनी या संबंधित विभाग के पास सुरक्षित रखे जाते हैं और दो निर्धारित प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाते हैं. सैंपल के लेबल पर सभी संबंधित पक्षों के हस्ताक्षर होना भी जरूरी बताया गया है.

कंपनियों का आरोप है कि सैंपलिंग के दौरान उनके प्रतिनिधि मौजूद नहीं थे. उनके अनुसार, सुरक्षित रखे गए सैंपल, पेट्रोल पंप से जुड़ी पूरी जानकारी और लैब रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई. इसलिए उपलब्ध दावों के आधार पर इथेनॉल की मात्रा को लेकर अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना अभी संभव नहीं है.