Kawasaki ने विदेशी बाजारों के लिए 2027 मॉडल ईयर की Ninja ZX-6R को दो नए रंगों में पेश किया है. रंगों में बदलाव के अलावा मिडिलवेट सुपरस्पोर्ट बाइक में कोई मैकेनिकल अपडेट नहीं किया गया है.

2027 मॉडल के लिए Ninja ZX-6R कुल तीन रंगों में उपलब्ध होगी. इनमें मौजूदा Lime Green and Blue शेड भी शामिल है, जो भारत में बिकने वाले मॉडल पर भी मिलता है. नए रंगों में दोनों का बेस ब्लैक रखा गया है.

पहले नए शेड का नाम Metallic Matte Carbon Gray है. इसमें हरे रंग के कॉन्ट्रास्टिंग व्हील और बॉडीवर्क पर हरे रंग के हिस्से दिए गए हैं. दूसरा विकल्प ज्यादा सादा और स्टेल्थी लुक वाला है, जिसमें ब्लैक बेस के साथ ग्रे एक्सेंट और ब्लैक व्हील मिलते हैं.

इंजन और भारत में उपलब्धता

रंगों के अलावा बाइक में कोई बदलाव नहीं हुआ है. Ninja ZX-6R में 636cc का लिक्विड-कूल्ड, इनलाइन-फोर इंजन मिलता है, जो 124hp की पावर और 69Nm का टॉर्क बनाता है. इंजन को छह-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है.

अभी यह जानकारी नहीं है कि नए रंग भारत में आने वाले हैं या नहीं. भारत में उपलब्ध Ninja ZX-6R पर फिलहाल Lime Green and Blue रंग दिया जाता है.