Kawasaki ने भारत में नई Z300 स्ट्रीट-नेकेड मोटरसाइकिल को पेश किया है. यह मॉडल कंपनी की Z सीरीज में एंट्री-लेवल बाइक के तौर पर जगह बनाएगा. बाइक को हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया.
डिजाइन के मामले में Z300 बड़ी Z900 से काफी मिलती-जुलती है. इसमें चौड़ा, सीधा सिंगल-पीस हैंडलबार और अपेक्षाकृत आरामदायक राइडिंग पोजिशन दी गई है. बाइक को ग्रीन और ब्लैक, दो रंग विकल्पों में उपलब्ध कराया जाएगा.
इंजन और फीचर्स
Kawasaki Z300 में Ninja 300 वाला 296cc पैरेलल-ट्विन इंजन मिलने की संभावना है. Ninja 300 में यह इंजन 39hp की पावर और 26.1Nm का टॉर्क देता है तथा 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है. हालांकि, Z300 के अंतिम तकनीकी स्पेसिफिकेशन कंपनी ने अभी जारी नहीं किए हैं.
Ninja 300 के सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह Z300 में TFT कंसोल दिया गया है. इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स मिलने की जानकारी दी गई है.
मुंबई और पुणे में बाइक का प्रीव्यू 18 अक्टूबर को होगा. बुकिंग 19 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि कीमत, वेरिएंट और विस्तृत तकनीकी जानकारी 20 अक्टूबर को Kawasaki की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. कंपनी की वेबसाइट पर Ninja 300 की एक्स-शोरूम कीमत 3.34 लाख रुपये है. Z300 की कीमत 3 लाख रुपये से कम रहने का अनुमान है, लेकिन अंतिम कीमत की पुष्टि कंपनी करेगी.
